टी20 में रोहित शर्मा ने युवराज के छक्कों का रिकॉर्ड तोड़ा

0

नई दिल्ली। एक दिवसीय प्रारूप में तीन बार दोहरा शतक लगाने का विश्व रिकॉर्ड बना चुके भारतीय खिलाड़ी रोहित शर्मा ने एक बार फिर नया रिकॉर्ड बना दिया है। टी20 में युवराज सिंह का 74 छक्कों का रिकॉर्ड तोड़ने वाले रोहित अब भारतीय क्रिकेट इतिहास में ऐसे पहले खिलाड़ी बन गए हैं, जो पारी का आगाज करने के बाद आखिर में पवेलियन लौटा हो। निदास ट्रॉफी टी20 में बांग्लादेश के खिलाफ पूरे 20 ओवर तक रोहित क्रीज पर मौजूद रहे। इससे पहले ये रिकॉर्ड गौतम गंभीर के नाम था, जो साल 2012 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 में 19.4 ओवर तक क्रीज पर मोजूद रहे। रोहित शर्मा ने 89 रनों की पारी में पांचवां छक्का मारते ही युवराज सिंह का 74 छक्कों को रिकॉर्ड भी तोड़ दिया।
सबसे ज्यादा छक्के मारने वाले भारतीय खिलाड़ियों की लिस्ट में रोहित (75), युवराज (74) के बाद अब सुरेश रैना (54), एमएस धोनी (46) और विराट कोहली (41) का नंबर आता है। एक साल में सबसे अधिक छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी रोहित शर्मा के नाम है। उन्होंने साल 2017 में तीनों प्रारूपों में 65 छक्के मारने का रिकॉर्ड बनाया था। तब उन्होंने क्रिस गेल का 64 छक्के मारने का रिकॉर्ड तोड़ा था। रोहित शर्मा ने टी20 में चार बार पांच या इससे अधिक छक्के लगाने का रिकॉर्ड बनाया है। इस मामले में युवराज सिंह अभी भी आगे हैं। इस प्रारूप में युवराज ने पांच बार पांच या इससे अधिक छक्के मारने का रिकॉर्ड बनाया है।