भोपाल। स्वीटी चौरसिया और अंकिता जैन की जोड़ी ने प्लानेट स्पोर्ट्स-2018 के तहत आयोजित ड्रॉप रोबॉल प्रतियोगिता में एलएनसीटी कॉलेज को स्वर्ण पदक दिलाया। साथ ही कबड्डी टूर्नामेंट में गत चैंपियन भाभा कॉलेज के लड़कों ने अपना खिताब बचाते हुए चैंपियन ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। लक्ष्मी नारायण कॉलेज ऑफ टेक्नाेलॉजी में सोमवार को ड्रॉप रोबॉल महिला युगल के फाइनल मुकाबले में एलएनसीटी की स्वीटी-अंकिता की जोड़ी ने आशिता राय-दीपाली गौर की जोड़ी को 15-12, 15-13 से हराया। इसी इवेंट के पुरुष वर्ग के फाइनल में बुदनी के प्रियांश मालवीय-अमन बत्रा की जोड़ी ने शांतनु पांडे-पुलकित चौहान की जोड़ी को 15-12, 12-15, 15-13 से पराजित करते हुए पीला तमगा अपने नाम कर लिया। कबड्डी के फाइनल में गत विजेता भाभा कॉलेज की टीम ने रोमांचक मुकाबले में एलएनसीटी को 38-36 से हराकर खिताब पर अपना कब्जा जमाया। खिताबी मुकाबला जीतने के बाद भाभा कॉलेज की टीम ग्रुप फोटो सेशनल में हिस्सा लेते हुए।
एलएनसीटी, पटेल, काॅरपोरेट और एक्सीलेंस क्रिकेट के अंतिम-4 में
टेनिस बॉल क्रिकेट के मुकाबलों में एलएनसीटी ने फार्मेसी को 25 रन से, पटेल कॉलेज ने ट्रूबा को 2 विकेट से, काॅरपोरेट कॉलेज ने हॉस्टल को 23 रनों से एवं एक्सीलेंस ने मैकेनिकल ब्रांच को एक विकेट से हराकर सेमीफाइनल में स्थान बनाया। खेल अधिकारी पंकज जैन ने बताया कि मंगलवार को ड्रॉप रोबॉल के सिंगल्स, मिक्स्ड डबल, बास्केटबॉल एवं क्रिकेट के सेमीफाइनल एवं फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे।

