भोपाल। तमिलनाडु के कोयंबटूर में 16 से 20 अप्रैल 2018 तक आयोजित 16वीं फेडरेशन कप राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश एथलेटिक्स अकादमी के खिलाड़ी इकराम अली खान ने डिस्कस थ्रो में रजत पदक जीतकर प्रदेश को गौरवान्वित किया। प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए अकादमी के खिलाड़ी इकराम अली खान ने फाइनल मुकाबले में 48.44 मीटर डिस्क थ्रो (चक्का प्रक्षेपण) कर रजत पदक अर्जित किया। इस उपलब्धि के लिए उन्हें प्रदेश की खेल और युवा कल्याण मंत्री मान. यशोधरा राजे सिंधिया ने बधाई दी है। उल्लेखनीय है कि इकराम अली खान ने पिछले दिनों दिल्ली में आयोजित खेलो इंडिया और भोपाल में आयोजित राष्ट्रीय स्कूल खेल प्रतियोगिता में एक-एक स्वर्ण पदक जीता है। वे म.प्र. एथलेटिक्स अकादमी में मुख्य प्रशिक्षक श्री एस. के. प्रसाद एवं सहायक प्रशिक्षक वीरेंद्र कुमार से एथलेटिक्स खेल का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।

