8वीं जूनियर राष्ट्रीय हाॅकी प्रतियोगिताः बालक वर्ग में हाकी कुर्ग, कर्नाटक बेंगलुरु, बंगाल हॉकी एसोसिएशन, बिहार राजस्थान और उत्तराखंड ने जीते मैच

0

बालिका वर्ग में बिहार और राजस्थान की टीमें जीती
भोपाल। हाॅकी इंडिया द्वारा खेल और युवा कल्याण विभाग के सहयोग से राजधानी में खेली जा रही 8वीं जूनियर राष्ट्रीय हाॅकी प्रतियोगिता के तीसरे दिन आज बालिका वर्ग में तीन और बालक वर्ग में नौ मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता के अंतर्गत आज बी डिवीजन बालिका वर्ग में खेले गए मुकाबले में हॉकी बिहार ने हॉकी गुजरात को 14-0 से करारी शिकस्त देकर जीत दर्ज कराई। एक अन्य मुकाबले में हॉकी राजस्थान ने आन्ध्र हॉकी एसोसिएशन को 4-3 से हराया। जबकि हॉकी मध्य भारत और विदर्भ हाॅकी एसोसिएशन के बीच हुआ मुकाबला 1-1 से बराबरी पर रहा। इसी तरह बालक वर्ग में आज खेले गए मुकाबलों में हॉकी कुर्ग ने हॉकी आंध्र प्रदेश को 5-2 से, हॉकी कर्नाटक ने हॉकी मध्य भारत को 5-3 से, बेंगलुरु हॉकी एसोसिएशन ने हॉकी पांडिचेरी को 4-1 से, बंगाल हॉकी एसोसिएशन ने जम्मू एंड कश्मीर को 8-0 से, हॉकी उत्तराखंड ने हॉकी मध्य प्रदेश को 7-3 से, हॉकी राजस्थान ने केरला हॉकी को 7-2 से तथा हॉकी बिहार ने तेलंगाना हॉकी को 8-1 से तथा पंजाब नेशनल बैंक ने हॉकी हिम को 5-4 से परास्त किया। स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ गुजरात हॉकी एकेडमी और आसाम हॉकी के बीच खेला गया मुकाबला दो-दो से बराबरी पर रहा।
आज के मैच
प्रतियोगिता के अंतर्गत सोमवार 23 अप्रैल को बालिका वर्ग में प्रातः 7.00 बजे से ऐशबाग स्टेडियम और मेजर ध्याचंद हाॅकी स्टेडियम पर तीन-तीन तथा साई स्थित हाॅकी मैदान पर दो मुकाबले खेले जायेगें। जबकि बालक वर्ग में अपरान्ह 4.30 बजे से ऐशबाग स्टेडियम, मेजर ध्यानचंद हाॅकी स्टेडियम और साई स्थित हाॅकी मैदान पर दो-दो मैच खेले जाएंगे।