भोपाल/ ग्वालियर। प्रदेश की ग्वालियर स्थित बैडमिंटन अकादमी को अब इंडोनेशिया का कोच मिलेगा, जिससे खिलाड़ियों के खेल में निखार आएगा। नए कोच इस माह के अंत तक अकादमी ज्वाइन कर लेंगे। हैदराबाद स्थित पुलैला गोपीचंद की बैडमिंटन अकादमी से मप्र खेल एवं युवा कल्याण विभाग का करार हुआ है। करार के तहत हैदराबाद अकादमी में प्रशिक्षण दे रहे 10 कोच में से एक कोच ग्वालियर बैडमिंटन अकादमी को दिया जाएगा। इससे खिलाड़ियों को लाभ होगा।
2009 में शुरु हुई अकादमी
पुलैला गोपीचंद राज्य बैंडमिंटन अकादमी ग्वालियर में वर्ष 2009 में शुरु की गई थी। इसमें गर्ल्स व बॉयज की कुल 24 सीटें हैं। वर्ष 2010 से 2015 तक अकादमी के सदस्य रहे सौरभ वर्मा, समीर वर्मा और श्रेयांसी ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नाम रोशन किया। यहां के खिलाड़ियों को अच्छी कोचिंग मिले इसके लिए राज्य सरकार ने पुलैला गोपीचंद को यहां का मुख्य कोच नियुक्त किया था। वे नि:शुल्क रूप से अकादमी को प्रमोट कर रहे हैं।
24 खिलाड़ी अकादमी में ट्रेनिंग लेते हैं
बैडमिंटन अकादमी में प्रदेश से 8 से 13 वर्ष की आयु के 24 खिलाड़ियों का चयन किया जाता है। प्रत्येक खिलाड़ी पर साल भर में लगभग तीन लाख रुपए खर्च होते हैं, उनके रहने, खाने से लेकर पढ़ाई तक की जिम्मेदारी सरकार उठाती है।

