हैदराबाद ने किंग्स इलेवन पंजाब को हराया

0

हैदराबाद। राशिद खान (19/3) के नेतृत्व में हैदराबाद के गंेदबाजों ने सटीक प्रदर्शन करते हुए आईपीएल11 में दूसरी बार छाेटे से स्कोर का बचाव किया है। हैदराबाद ने 6 विकेट पर132 रन बनाए और बाद में किंग्स इलेवन पंजाब को 19.2 ओवर में 119 रन पर समेट कर 13 रन की रोमांचक जीत दर्ज की। इससे पहले हैदराबाद ने मुंबई के खिलाफ 118 रन बनाए थे और बाद में मुंबई 87 पर समेट दिया था। सनराइजर्स की ये 7 मैचों में 5वीं जीत है। इस जीत से हैदराबाद अंक तालिका में पंजाब को तीसरे पायदान पर धकेलकर दूसरे स्थान पर आ गई है। इससे पहले अंकित राजपूत (14/5) के आगे हैदराबाद के बल्लेबाज 132 रन तक पहुंच पाए थे। अंकित इस सीजन में पांच विकेट लेने वाले पहले गंेदबाज हैं।
अंकित राजपूत की किफायती गेंदबाजी
अंकित राजपूत ने गजब की गेंदबाजी करते हुए 14 रन पर 5 विकेट झटके, वह टॉप -12 में एेसे पहले गेंदबाज हैं जिनका इकॉनामी रेट (6.27) सबसे बेहतर है। वह अब तक तीन मैचों में 7 विकेट झटककर 12वें स्थान पर हैं। वह मैन ऑफ द मैच बने।
सनराइजर्स हैदराबाद की टीम एक बार फिर इस सीजन कम रनों को डिफेंड करने में कामयाब रही। मुंबई के बाद हैदराबाद ने पंजाब को लो स्कोरिंग मुकाबले में 13 रनों से हरा दिया। पंजाब को हराकर हैदराबाद ने इस सीजन अपनी पांचवीं जीत दर्ज की। 133 रनों का पीछा करने उतरी पंजाब की पूरी टीम 19.2 ओवरों में 119 रनों पर ही ढेर हो गई। हैदराबाद के लिए राशिद खान ने तीन विकेट लिए। शाकिब अल हसन और बासिल थम्पी को दो-दो सफलताएं मिलीं। पंजाब के पांच बल्लेबाज ही दहाई के आंकड़े में पहुंच सके। पंजाब की तरफ से केएल राहुल और क्रिस गेल ने पहले विकेट के लिए 55 रन जोड़े, लेकिन इसके बाद पंजाब का कोई बल्लेबाज हैदराबाद के गेंदबाजों के सामने पिच पर ज्यादा देर तक नहीं टिक सका। इस सीजन पंजाब की यह दूसरी हार है, मैच के बाद पंजाब टीम के मेंटर वीरेंद्र सहवाग ने ट्विटर के जरिए पंजाब हार पर अपनी प्रतिक्रिया जाहिर की। सहवाग ने ट्विटर पर लिखा, ”मैच का रिजल्ट हमारे पक्ष में भले ही ना रहा हो, लेकिन हमने टूर्नामेंट के सात मैचों में से 5 में जीत हासिल कर एक अच्छी शुरुआत की है।”