भोपाल। बर्लिन (जर्मनी) में 16 से 22 जुलाई, 2018 तक आयोजित वर्ल्ड कप स्टेज-4 तथा जकार्ता (इंडोनेशिया) में 18 अगस्त से 02 सितम्बर, 2018 तक आयोजित एशियन गेम्स में मध्य प्रदेश राज्य तीरंदाजी अकादमी जबलपुर की प्रतिभावान खिलाड़ी बेटी मुस्कान किरार भारतीय तीरंदाजी टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी। भारतीय टीम के चयन हेतु हरियाणा के सोनीपत में 14-15 जून, 2018 को आयोजित ट्रायल में देश के टाॅप आठ खिलाड़ियों में शामिल मुस्कान किरार ने 7 में से 6 मैच जीतकर भारतीय टीम में जगह बनाई। चार सदस्यीय भारतीय टीम में चयनित होने वाली तीरंदाजी अकादमी की खिलाड़ी मुस्कान किरार मध्य प्रदेश से एक मात्र खिलाड़ी हैं। जबकि तीन अन्य खिलाड़ियों में पेट्रोलियम स्पोट्र्स प्रमोशन बोर्ड की ज्योति सुरेखा, रेल्वे की त्रिशा देव तथा झारखण्ड की खिलाड़ी मधुमिता कुमारी शामिल है।
तीरंदाजी अकादमी की खिलाड़ी मुस्कान किरार के भारतीय तीरंदाजी टीम में चयन पर प्रदेश की खेल और युवा कल्याण मंत्री मान. यशोधरा राजे सिंधिया ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। खेल मंत्री ने तीरंदाजी अकादमी की प्रतिभावान और होनहार खिलाड़ी बेटी मुस्कान को एशियन गेम्स और वर्ल्ड कप स्टेज-4 में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करते हुए अपनी शुभकामनाएं दी हैं। संचालक खेल और युवा कल्याण डाँ. एस.एल. थाउसेन ने बताया कि एशिया कप में स्वर्ण और कांस्य पदक अर्जित करने वाली तीरंदाजी अकादमी की प्रतिभावान खिलाड़ी मुस्कान किरार ने पिछले दिनों टर्की में आयोजित वर्ल्ड कप स्टेज-2 में देश को रजत पदक दिलाया है। उल्लेखनीय है कि मुस्कान किरार खेल और युवा कल्याण विभाग द्वारा जबलपुर में संचालित तीरंदाजी अकादमी के मुख्य प्रशिक्षक एवं तकनीकी सलाहकार श्री रिचपाल सिंह सलारिया से तीरंदाजी खेल का प्रशिक्षण हासिल कर रही हैं।