41.3 C
New Delhi
Monday, April 21, 2025

रोनाल्डो की हैट्रिक से पुर्तगाल ने स्पेन से खेला 3-3 का ड्रा

सोच्चि। करिश्माई स्ट्राइकर क्रिस्टियानो रोनाल्डो की जबरदस्त हैट्रिक के दम पर पुर्तगाल ने पूर्व चैंपियन स्पेन के खिलाफ फीफा विश्व कप फुटबॉल टूर्नामेंट का ग्रुप बी मुकाबला शुक्रवार को 3-3 से ड्रा खेल लिया। पुर्तगाल और स्पेन ने इस ड्रा से एक-एक अंक हासिल किया। रोनाल्डो ने मैच के 88 वें मिनट में लहराती फ्री किक से बेहतरीन गोल कर पुर्तगाल को न केवल हार से बचा लिया बल्कि मैच ड्रा कराकर एक अंक भी दिला दिया। बिजली की गति से खेले गए इस मुकाबले में रोनाल्डो ने मैच के चौथे मिनट में मिली पेनल्टी पर पुर्तगाल का पहला गोल किया। रियाल मेड्रिड के स्टार ने आधे समय से ठीक पहले 44 वें मिनट में पुर्तगाल का दूसरा गोल किया और निर्धारित समय से दो मिनट पहले 88 वें मिनट में बॉक्स के ठीक बाहर मिली फ्री किक पर अपनी टीम को बराबरी दिलाने वाला गोल दाग दिया।
पूर्व चैंपियन स्पेन ने भी जबरदस्त खेल दिखाया और चौथे मिनट में पिछडऩे के बाद वापसी करते हुए दूसरे हाफ में 3-2 की बढ़त बना ली लेकिन स्पेन को रोनाल्डो के कमाल का कायल हो जाना पड़ा। रोनाल्डो अब लगातार आठ बड़ी चैंपियनशिप में गोल कर चुके हैं। पुर्तगाल के लिए यदि कप्तान रोनाल्डो ने जलवा दिखाया तो स्पेन की तरफ से फॉरवर्ड डिएगो कोस्टा ने 2 गोल दागे जबकि नाचो ने एक गोल कर स्पेन को 3-2 से आगे किया।
स्पेन को अंत में अफसोस रहा होगा कि जीत उसके बेहद करीब से निकल गई। रोनाल्डो इस तरह लगातार 4 विश्व कप में गोल करने वाले चौथे खिलाड़ी बन गए हैं। उन पहले यह उपलब्धि यूव सीलर, पेले और मिरोस्लाव क्लोका को हासिल थी। रोनाल्डो ने पिछली चार यूरोपियन चैंपियनशिप में भी गोल किए हैं। स्पेन अपने कोच जुलेन लोपेतगुई को टूर्नामेंट से ठीक पहले बर्खास्त करने के बाद इस मैच में उतरा लेकिन उसका खेल काफी सधा हुआ रहा।
हालांकि मैच की तेज शुरुआत हुई और रोनाल्डो को चौथे ही मिनट में बॉक्स के अंदर गिराया गया। रेफरी ने पेनल्टी का इशारा किया। रोनाल्डो ने पेनल्टी ली जिस पर स्पेन के गोलकीपर कोई अंदाजा नहीं लगा सके और विपरीत दिशा में छलांग लगा बैठे। इस गोल के बाद स्पेन ने मैच पर नियंत्रण बना लिया। कोस्टा ने 24वें मिनट में सर्जियो बस्केट््स से मिली गेंद को संभाला और 2 डिफेंडरों को छकाने के बाद गोलकीपर रुई पैट्रिसियो को भी पराजित कर दिया।
इस गोल की वीडियो रिव्यु से पुष्टि हुई जिसका विश्व कप में पहली बार इस्तेमाल किया जा रहा है। स्पेन के दबदबे के बीच रोनाल्डो ने पहले हाफ से एक मिनट पहले नीचा शॉट लगाया जो गोलकीपर डेविड डी जिया के हाथों से लगता हुआ गोल में चला गया।कोस्टा ने दूसरे हाफ में 10 मिनट बाद ही नजदीक से गोल कर स्पेन को 2-2 की बराबरी दिला दी। नाचो ने जबरदस्त वॉली लगाकर स्पेन को 3-2 से आगे किया लेकिन रोनाल्डो की 20 मीटर की दूरी से फ्री किक पर किए गोल ने पुर्तगाल फैंस को जश्न में डुबो दिया। रोनाल्डो के इस शॉट को स्पेन के गोलकीपर देखने के सिवा कुछ नहीं कर सके।

Related Articles

Stay Connected

15,780FansLike
2,290FollowersFollow
5,445SubscribersSubscribe

Latest Articles