भोपाल। मध्यप्रदेश के खेल संचालक डॉ. एस.एल. थाउसेन, संयुक्त संचालक डॉ. विनोद प्रधान एवं बी.एस. यादव आज से इंडोनेशिया के जकार्ता और पालेमबंग में शुरू हो रहे 18वें एशियाई खेलों में देश व मध्यप्रदेश के खिलाडिय़ों का हौसला बढ़ाने इन्फ्रास्ट्रक्चर देखने एवं आयोजन को परखने के उद्देश्य से इंडोनेशिया जाएंगे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खेल संचालक एस.एल. थाउसेन और संयुक्त संचालक बी.एस. यादव 20 अगस्त को जकार्ता के लिए रवाना होंगे। जबकि डॉ. विनोद प्रधान 23 अगस्त को जकार्ता पहुंचेंगे। तीनों खेल अधिकारियों को मप्र सरकार एशियाई खेलों में होने वाले खेल आयोजनों, इन्फ्रास्ट्र्रक्चर, परिवहन, सुरक्षा आदि देखने की दृष्टि से इंडोनेशिया भेज रही है। ताकि वहां के तर्ज पर मध्यप्रदेश में खेल आयोजन एवं इन्फ्रास्ट्र्रक्चर आदि खेल व्यवस्थाएं की जा सके। इसके अलावा तीनों अधिकारी इन खेलों में अपने खिलाडिय़ों का हौसला बढ़ाते भी नजर जाएंगे। इन खेलों में मप्र के करीब 30 खिलाड़ी अलग-अलग खेलों में हिस्सा ले रहे हैं। जिसमें करीब 18 खिलाड़ी मध्यप्रदेश खेल अकादमी के हैं। उल्लेखनीय है कि इसके पूर्व मध्यप्रदेश सरकार ने 2016 के तत्कालीन खेल संचालक उपेन्द्र जैन और बी.एस. यादव को ब्राजील में हुए रियो ओलंपिक खेलों में भेजा था।