भोपाल। आंध्रप्रदेश के ग्रहेश वाए ने नेशनल यूथ (अंडर-25) चेस चैंपियनशिप जीत ली है। जबकि शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी निरंजन नवलगुंड को उपविजेता ट्रॉफी से संतोष करना पड़ा है। साथ ही मप्र के अश्विन डेनियल आखिरी दौर में मिली पराजय के बाद सातवें स्थान पर रहे। स्पर्धा के नौवें चक्र में सोमवार को ग्रहेश ने टाईब्रेक के आधार पर खिताब अपने नाम किया। उन्होंने छह मुकाबले जीते, जबकि तीन मुकाबले ड्रा रहे। उन्हें आठवें राउंड में टाॅप सीड आंध्रप्रदेश के निरंजन नवलगुंड पर मिली जीत का फायदा मिला। निरंजन ने 07 जीत एक ड्राॅ और 01 हार के साथ अपने अभियान का समापन किया। सातवें राउंड तक वह एकल बढ़त पर थे पर आठवें राउंड में हार का खामियाजा उन्हे भुगतना पड़ा।
उड़ीसा के बैवब मिश्रा 07 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। उन्होने अंतिम राउंड मे तीसरे स्थान के दावेदार मध्यप्रदेश के अश्विन डेनियल को हराते हुए बेहतर टाईब्रेक के आधार पर यह स्थान हासिल किया। जबकि अश्विन डेनियल 06 अंको के साथ सातवें स्थान पर रहे।
शीर्ष 10 खिलाड़ियों में आठवें स्थान पर कर्नाटका के ए. बालकिशन, नौवें स्थान पर महाराष्ट्र के दारे पुष्कर और दसवें स्थान पर तमिलनाडू के एलनचेरलानाथन रहे। अश्विन के अलावा मध्यप्रदेश के देवांश सिंह 5.5 अंक के साथ 22वें स्थान पर रहे। वुमेन केंडीडेट मास्टर नित्यता जैन वैसे तो ओपन वर्ग में 5.5 अंक बनाकर 23वें स्थान पर रही पर महिला वर्ग के हिसाब से वह महाराष्ट्र की वृशाली देवधर के बाद दूसरे स्थान पर रही। अंशुल सक्सेना 29वें तो ओजस्व सिंह 30वें स्थान पर रहे।

