चांगझाऊ (चीन)। भारतीय स्टार शटलर किदांबी श्रीकांत शुक्रवार को यहां चाइना ओपन वर्ल्ड टूर सुपर 1000 टूर्नामेंट में पुरुष एकल के क्वार्टर फाइनल में हार गए। इस कारण वे दूसरी बार चाइना ओपन का खिताब जीतने से चूक गए। वर्ल्ड नंबर आठ श्रीकांत को दुनिया के दूसरे नंबर के शटलर जापान के केंटो मोमोटा से हार मिली। मोमोटा ने उन्हें 28 मिनट में 21-9, 21-11 से मात दी।
किदांबी और मोमोटा 11वीं बार एक दूसरे के आमने-सामने थे। उनमें से मोमोटा आठ और किदांबी तीन बार जीतने में सफल रहे। किदांबी ने 2014 में इस टूर्नामेंट में पुरुष एकल का खिताब जीता था। वे पहले भारतीय पुरुष शटलर हैं, जो इस टूर्नामेंट का खिताब जीत चुके हैं। महिलाओं में साइना नेहवाल ने 2014 और पीवी सिंधु 2016 में चाइना ओपन का खिताब जीत चुकी हैं।

