आॅल इंडिया जी.व्ही. मावलंकर शूटिंग चैम्पियनशिप रविवार से भोपाल में,कई नामी खिलाड़ी हिस्सा लेंगे

0

भोपाल। मध्यप्रदेश खेल एवं युवा कल्याण विभाग के द्वारा राज्य में हर दिन किसी ना किसी टूर्नामेंट का आयोजन किया जाता है। राजधानी के समीप बिशनखेड़ी स्थित म.प्र. राज्य शूटिंग अकादमी में 23 से 30 सितम्बर, 2018 तक आयोजित 28वीं आॅल इंडिया जी.व्ही. मावलंकर शूटिंग चैम्पियनशिप-2018 में देश भर से आए शूटर अपने खेल जौहर का प्रदर्शन करेंगे।  एक सप्ताह तक चलने वाली इस चैम्पियनशिप में ट्रैप इवेन्ट में 147, डबल ट्रैप इवेन्ट में 60 और स्कीट इवेन्ट में 29 खिलाड़ियों सहित कुल 236 महिला एवं पुरूष खिलाड़ी स्वर्ण पदक जीतने के लिए अपने खेल जौहर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी के खिलाड़ी अंकित जादौन ट्रैप इवेन्ट में तथा ऋतुराज और पवन अहिरवार स्कीट इवेन्ट में प्रतिभा प्रदर्शन करेंगें। गौरतलब है कि स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों का ही राष्ट्रीय खेल के लिए चयन होगा। यहां यह भी उल्लेखनीय है कि आॅल इंडिया मावलंकर शूटिंग चैम्पियनशिप में एक बार ही नेशनल के लिए क्वालीफाई करने के लिए अवसर मिलता है।

खेल संचालक ने की तैयारियों की समीक्षा
संचालक खेल और युवा कल्याण डाँ. एस.एल. थाउसेन ने आज राज्य शूटिंग अकादमी पहुंचकर 28वीं आॅल इंडिया जी.व्ही. मावलंकर शूटिंग चैम्पियनशिप आयोजन के लिए की गई व्यवस्थाओं एवं तैयारियों की समीक्षा कर अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने चैम्पियनशिप में शामिल होने वाले खिलाड़ियों के लिए की गई आवास, भोजन, परिवहन आदि व्यवस्थाओं, वाहन पार्किंग, विद्युत, पेयजल सहित चैम्पियनशिप हेतु अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की सिलसिलेवार समीक्षा की।

अंतर्राष्ट्रीय स्तरीय सुविधाएं
प्रदेश की खेल और युवा कल्याण मंत्री मान. यशोधरा राजे सिंधिया द्वारा खेलों के विकास में ली जा रही विशेष रूचि के चलते विभिन्न अकादमियों के खिलाड़ियों को आधुनिक एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तरीय खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसी श्रृंखला में शूटिंग अकादमी को भी अंतर्राष्ट्रीय स्तरीय खेल सुविधाओं के अनुरूप विकसित किया गया है जहां आॅल इंडिया मावलंकर शूटिंग चैम्पियनशिप में देश भर से भागीदारी कर रहे खिलाड़ियों को प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
चैम्पियनशिप में आर्मी, दिल्ली, गुजरात, पंजाब, उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश, तेलंगाना, राजस्थान, हैदराबाद, पश्चिम बंगाल, आसाम, महाराष्ट्र, हरियाणा, उत्तराखण्ड आदि राज्यों के महिला एवं पुरूष वर्ग के 236 खिलाड़ी भागीदारी करेंगे। प्रतिदिन सुबह 8.00 बजे से प्रतियोगिता खेली जाएगी । उल्लेखनीय है कि इस चैम्पियनशिप में भागीदारी करने का खिलाड़ी को एक बार ही अवसर मिलता है जिससे नेशनल खेलने का मार्ग प्रशस्त होता है।