जकार्ता। पैरा एशियाड में भारतीय दल का शानदार प्रदर्शन जारी है ,मंगलवार को भारत को दो स्वर्ण और तीन कांस्य पदक मिले। महिला क्लब थ्रो में एकता भयान ने स्वर्ण पदक जीता। वहीं, मनीष नरवाल ने 10 मीटर एयर पिस्टल एसएच1 में गोल्ड अपने नाम किया। इसपैरा एशियाड खेलों में भारत के अब तक कुल 23 पदक हो गए हैं। जबकि वह पदक तालिका में सातवें स्थान पर है। स्वर्ण पदकों के लिहाज से भारत का यह अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इसके पहले 2014 में उसने तीन स्वर्ण समेत 33 पदक जीते थे।
एफ 32/51 स्पर्धा में एकता ने चौथे प्रयास में सबसे बेहतरीन 16.02 मीटर दूर थ्रो फेंका। वहीं, दूसरे स्थान पर रहीं यूएई की अलकाबी ने 15.75 मीटर दूर थ्रो फेंका। इस इवेंट में हाथों से अशक्त खिलाड़ियों को हिस्सा लेने दिया जाता है। एकता ने इस साल इंडियन ओपन पैरा एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में भी स्वर्ण पदक जीता था। महिला 200 मीटर टी45/46/47 स्पर्धा में जयंती बहेरा ने कांस्य जीता। इसमें किसी भी अंग में दोष वाले खिलाड़ी हिस्सा लेते हैं।
साल | स्वर्ण | रजत | कांस्य | कुल | रैंक |
2010 | 01 | 04 | 09 | 14 | 15वीं |
2014 | 03 | 14 | 16 | 33 | 15वीं |
2018 | 05 | 06 | 12 | 23 | 7वीं |