ओडेंस। 16 से 21 अक्टूबर तक होने वाले डेनमार्क बैडमिंटन ओपन में भारतीयों खिलाड़ियों को कठिन ड्रॉ मिला है। महिला सिंगल्स में दुनिया की दूसरी नंबर की खिलाड़ी पीवी सिंधु को पहले दौर में ही वर्ल्ड रैंकिंग में 10 नंबर पर कायम अमेरिका की बीवेन झांग से होगी। वहीं, साइना नेहवाल का सामना 24वीं रैंकिंग वाली हॉन्गकॉन्ग की चीयुंग नगान यी से होगी। साइना की 11वीं रैंकिंग है। पुरुष सिंगल्स में भी 23वीं रैंक वाले समीर वर्मा का पहले दौर में मुकाबला दुनिया के नंबर दो पुरुष शटलर चीन के शी युकी से होगा। 26वीं रैंकिंग वाले साई प्रणीत का पहले दौर में चीन के हुआंग यूझीआंग से मैच होगा। हुआंग की 34वीं रैंकिंग है। छठी रैंकिंग वाले किदांबी श्रीकांत का पहले दौर में 27वें नंबर वाले डेनमार्क के हेंस क्रिस्टीन सोलबर्ग विट्टिनगस से मुकाबला होगा।
मेंस डबल्स की बात करें तो भारत के मनु अत्री और बी सुमित रेड्डी को पहले दौर में स्थानीय जोड़ी किम एस्ट्रुप और एंडर्स एस रासम्युसेन से भिड़ना है। मनु और सुमित की 27वीं, जबकि किम और एंडर्स की छठी रैंकिंग है। मिक्स्ड डबल्स में अश्वनी पोनप्पा और सात्विक साईराज रंकीरेड्डी की जोड़ी पहले दौर में कोरिया के सियो सेयुंग जे और चाई यूजुंग से खेलेगी। पोनप्पा-साईराज की 27वीं और सियो-चाई की 51वीं रैंकिंग है।


