साइना नेहवाल के पास ऑल इंग्लैंड जीतने का मौका : पूर्व कोच विमल कुमार

0

नई दिल्ली। साइना नेहवाल के पूर्व कोच विमल कुमार का मानना है कि वह मानसिक रूप से देश की सबसे मजबूत बैडमिंटन खिलाड़ी हैं और इतने लंबे का राज चोटों से उबरकर वापसी करने की उसकी क्षमता है। साइना पिछले साल के आखिर में चोटिल हुई थी, लेकिन वापसी करके उसने इंडोनेशिया मास्टर्स खिताब जीता जब कैरोलिना मारिन ने पैर की चोट के कारण फाइनल छोड़ दिया। 2014 से 2017 तक साइना के कोच रहे विमल ने कहा- वह मानसिक रूप से सबसे मजबूत हैं, पुरुष खिलाड़ियों से भी ज्यादा। कोर्ट पर होने पर वह ज्यादा नहीं सोचतीं। उन्हें इससे भी फर्क नहीं पड़ता कि दर्द हो रहा है। वह अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करके विरोधी के लिए मुश्किलें खड़ी करती हैं। मारिन और दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी ताई जू यिंग के चोटिल होने से साइना और पीवी सिंधू के पास ऑल इंग्लैंड खिताब जीतने का सुनहरा मौका है।
विमल ने कहा-इंडोनेशिया में मिली जीत से साइना का आत्मविश्वास काफी बढ़ा होगा और इससे उन्हें ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप जीतने में मदद मिलेगी। कैरोलिना को चोट से उबरने में पांच-छह महीने लगेंगे। लिहाजा ऑल इंग्लैंड में मुकाबला खुला होगा। कैरोलिना और ताई जू प्रबल दावेदार थीं। अब साइना और सिंधू के पास सुनहरा मौका है। मार्च में 29 वर्ष की होने जा रही साइना शीर्ष 10 में सबसे उम्रदराज खिलाड़ी हैं और विमल का कहना है कि उन्हें फॉर्म बरकरार रखने के लिए चतुराई से अभ्यास करना होगा। वह कई बार चोटों का शिकार हुईं। मैं ओलिंपिक में उनके साथ था। वह अच्छी तैयारी कर रही थीं और अचानक चोट लग गई। उन्होंने वापसी की और इसके लिए उन्हें श्रेय देना चाहिए।