भोपाल। दिल्ली पब्लिक स्कूल इंदौर एवं म.प्र. की 15 वर्षीय अंतरराष्ट्रीय शतरंज खिलाडी नित्यता जैन श्रीलंका में 1-10 अप्रैल तक होने वाली एशियन यूथ चेस चैंपियनशिप 2019 में अंडर 16 बालिका वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए चयनित हुई है। इस चैंपियनशिप में सहभागिता करने वाली नित्यता म.प्र.की एक मात्र खिलाडी है।
भारत एवं म.प्र. को कई बार गौरान्वित करने वाली नित्यता को अंडर 14 बालिका वर्ग में भारत के लिए एशियन युथ चैस चैंपियनशिप 2018 थाईलैंड में व्यक्तिगत कांस्य पदक जीतने के कारण आल इंडिया चेस फेडरेशन के आवेदन पर स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया, खेल मंत्रालय भारत सरकार द्वारा चयनित किया गया है। शतरंज में एशियन युथ पदक जीतने वाली नित्यता म.प्र.की एक मात्र खिलाड़ी है।
इसके अलावा नित्यता कामनवेल्थ चेस चैंपियनशिप 2018 अंडर 14 बालिका वर्ग में व्यक्तिगत कांस्य पदक जीत चुकी है एवं म.प्र. की पहली नेशनल स्कूल चैस चैंपियन 2018, अलग अलग आयु वर्गों में लगातार 18 बार म.प्र. राज्य शतरंज विजेता है जिसमें 11 वर्ष की उम्र से म.प्र. की लगातार 4 बार सीनियर महिला चैंपियन है एवं इंटरनेशनल ग्रांडमास्टर, इंटरनेशनल मास्टर, वुमन इंटरनेशनल मास्टर सहित कई इंटरनेशनल सीनियर खिलाडियों एवं विभिन्न आयु वर्गों की वर्ल्ड चैंपियन खिलाडियों से बाज़ी जीत एवं ड्रा कर चुकी है। कामनवेल्थ सीनियर ओपन चैस चैंपियनशिप 2017 एवं 2018 में भी सहभागिता कर चुकी है।
वर्ल्ड चैस फेडरेशन द्वारा वुमन कैंडिडेट मास्टर का इंटरनेशनल टाइटल प्राप्त एवं वुमन इंटरनेशनल मास्टर टाइटल के लक्ष्य की तरफ प्रयासरत नित्यता के माता पिता उसके लिए लगातार गवर्नमेंट एवं प्राइवेट स्पोंसर्स की तलाश में हैं ताकि वे उसे अच्छे इंटरनेशनल टूर्नामेंट्स खिला सके एवं इंटरनेशनल ग्रांडमास्टर कोचिंग भी दिलवा सके। नित्यता दिनांक 31/3/19 को इंदौर से दोपहर 2.40 की एयर इंडिया फ्लाइट से दिल्ली होते हुए कोलम्बो के लिए प्रस्थान करेगी।
इस अवसर पर म.प्र. के खेल मंत्री जीतू पटवारी, खेल संचालक डॉ एस एल थाओसेन, डीपीएस इंदौर प्रबंधन के हरिमोहन गुप्ता, अभिषेक मोहन गुप्ता, फैजल मीर खान, प्राचार्य अजय शर्मा, स्पोर्ट्स हेड सुमित रिछारिया, आल इंडिया चेस फेडरेशन के सचिव भरतसिंह चौहान, म.प्र.शतरंज संघ के सचिव श्री कपिल सक्सेना, सह सचिव श्री पियूष जमींदार एवं सभी खेल प्रेमियों ने नित्यता को शुभकामनाएं दी है।


