नई दिल्ली। वुमन्स वर्ल्ड कप के फाइनल में अमेरिका ने नीदरलैंड को 2-0 से हरा दिया। इस जीत के साथ अमेरिकी महिला टीम लगातार दूसरी और कुल चौथी बार चैम्पियन बन गई। पिछली बार उसने फाइनल में जापान को 5-2 से हराया था। नीदरलैंड की टीम पहली बार फाइनल में पहुंची थी, लेकिन खिताब जीतने से चूक गई। अमेरिका इससे पहले 1991, 1999 और 2015 में चैम्पियन बना था। टूर्नामेंट में स्वीडन की टीम तीसरे और इंग्लैंड की टीम चौथे स्थान पर रही।
अमेरिका के लिए मेगन रपिनो ने 61वें और रोज लेवेल ने 69वें मिनट में गोल किए। रपिनो ने इस वर्ल्ड कप में 6 गोल किए। वे सबसे ज्यादा करने के मामले में संयुक्त रूप से पहले स्थान पर हैं। बेहतर गोल औसत के कारण रपिनो को गोल्डन बूट दिया गया। उन्हें गोल्डन बॉल भी मिला। उनके अलावा अमेरिकी की एलेक्स मॉर्गन ने 6 और इंग्लैंड की एलेन व्हाइट ने भी 6 गोल किए हैं। अमेरिका ने 7 मैच में कुल 26 गोल किए। उसके खिलाफ सिर्फ 3 ही गोल हुए। अमेरिकी टीम ने टूर्नामेंट में पेनल्टी पर 3 गोल दागे।