भोपाल। राजीव सिंह परिहार ने लगातार पांच जीत दर्ज करने वाले शकील पेंटर को पराजित करते हुए जिला स्तरीय सीनियर शतरंज प्रतियोगिता में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है। जबकि अश्विन डेनियल ने ईशान सिंह खनुजा को हराया। अंकुर खेल परिसर में सोमवार को छठवें चक्र के मुकाबले खेले गए। टेबल नंबर-1 में राजीव सिंह परिहार ने शकील पेंटर को पराजित किया। वहीं टेबल नंबर दो पर खेले गए एक रोमांचक मुकाबले में अश्विन डेनियल ने आखिरी चालों में ईशान सिंह खनुजा को परास्त किया। अन्य मुकाबलों में वेदांत भरद्वाज ने राजेंद्र सिंह को, वरुण शर्मा ने सलीम खान को, नीरज ने नासिर खान को पराजित किया। जबकि नवीन दुबे ने अविनाश को, बटेश्वर सिंह यादव ने ऐश्वर्या को, डीपी ने अरिंधम को, अतीक खान ने माधवेंद्र शर्मा को, देवांश पंथी ने बीएस आस्थना को और आरएस ठाकुर ने भव्या जोशी को पराजित किया। लोकेंद्र-एसएम उमेर, धर्मेश-रेवांश, हर्षित-रवि, कुशाग्र-ब्रजेष मोहन और काव्यांश-प्रज्ज्वल ने ड्रा मैच खेले।