भिवानी। दुनिया के नंबर वन पहलवान बजरंग पुनिया जल्द कुश्ती में राष्ट्रीय चैंपियन रह चुकी संगीता फोगाट के साथ शादी के बंधन में बंधेंगे। माना जा रहा है कि दोनों वर्ष 2020 में होने वाले टोक्यो ओलंपिक के बाद सात फेरे ले सकते हैं।
संगीता कुश्ती में राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई पदक जीत चुकीं गीता, बबिता और विनेश फोगाट की छोटी बहन हैं। उनसे पहले गीता पहलवान पवन कुमार तो विनेश पहलवान सोमवीर राठी से शादी रचा चुकी हैं। बबिता फोगाट का भी पहलवान विवेक सुहाग से रिश्ता पक्का हो चुका है।
खबरों के मुताबिक बजरंग और संगीता के परिजनों ने दोनों के रिश्ते को मंजूरी दे दी है। बजरंग इस समय ओलंपिक की तैयारियों में जुटे हैं तो संगीता राष्ट्रीय शिविर में हैं और चोट से उबरने की कोशिशों में लगी हैं। अर्जुन पुरस्कार विजेता संगीता के पिता और कोच महावीर फोगाट ने दोनों की शादी की खबर की पुष्टि की है।
उन्होंने कहा, ‘दोनों परिवारों के बीच अच्छे रिश्ते हैं। मैं बच्चों के लिए बहुत खुश हूं और उनकी भावनाओं की इज्जत करता हूं। मैंने उनसे हमेशा कहा है कि वे अपना जीवनसाथी खुद चुनें। मैं संगीता के लिए खुश हूं। शादी की तारीख के बारे में टोक्यो ओलंपिक के बाद फैसला लिया जाएगा।’