नई दिल्ली. ऑस्ट्रेलिया के सीमित ओवर प्रारूप के कप्तान एरॉन फिंच (Aaron Finch) ने खुलासा किया कि जब 2018 में भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर आई थी तो उन्हें बुरे सपने आते थे. ये डरा देने वाले सपने तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार (Bhuvneshwar Kumar) और जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) के थे. फिंच ने बताया कि सपने में वे देखते थे भुवनेश्वर और बुमराह मजे के लिए उनका विकेट ले रहे हैं. फिंच ने हाल में ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट पर अमेजन पर रिलीज हुई डाॅक्यूमेंट्री-सीरीज ‘द टेस्ट’ में कहा कि मैं पसीने में उठता था कि भुवनेश्वर मुझे आउट कर रहे हैं.
फिंच को भारतीय गेंदबाजों ने सभी तीनों प्रारूपों में परेशान किया था और उन्हें तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार (Bhuvneshwar Kumar) की इनस्विंग गेंदों को खेलने में काफी परेशानी होती थी. भुवनेश्वर ने चार बार फिंच के विकेट चटकाए थे, जिसमें से तीन बार वनडे में और एक बार टी20 में आउट किया था. फिंच के मन में इन दोनों गेंदबाजों का खौफ इस कदर बैठ गया था कि वह रात में नींद से उठकर बैठ जाते थे. फिंच ने कहा कि ऐसा भी समय होता था जब मैं रात को आउट होने के डर से उठ जाता था. मुझे लगता था कि मैं कल फिर बुमराह का सामना कर रहा हूं और वह मुझे मजे में आउट कर रहे हैं.
भारत ने रचा था इतिहास
भारत (India) ने इस दौरे पर इतिहास रचा था. बॉर्डर- गावस्कर ट्रॉफी (Border–Gavaskar Trophy) पर भारत ने 2-1 से कब्जा किया था. ऑस्ट्रेलियाई जमीं पर पहली बार किसी एशियाई टीम ने सीरीज पर कब्जा किया था. चार मैचों की टेस्ट सीरीज में भारत ने 31 रन से पहला टेस्ट जीता. इसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने 146 रनों के अंतर से दूसरा मैच जीत कर सीरीज 1-1 से बराबर कर दी. टीम इंडिया (Team India) ने तीसरा मैच 137 रनों के अंतर से जीतकर एक बार फिर सीरीज में 2-1 से बढ़त हासिल कर ली थी. सीरीज के आखिरी मुकाबले में भारत ने बड़ा स्कोर बनाकर मेजबान को फॉलोऑन दिया, जिसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने मुकाबला ड्रॉ करवा लिया था.टेस्ट सीरीज में जीत के बाद भारत ने 2-1 से वनडे सीरीज जीती. हालांकि इस दौरे पर टी20 सीरीज 1-1 से ड्रॉ रही थी. दाएं हाथ के तेज गेंदबाज बुमराह ने चार मैचों की सीरीज में 21 विकेट लिए थे.

