इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच होने वाली टेस्ट सीरीज पर भी संशय के बादल

0

लंदन। मेजबान इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच इसी साल जून में एक लंबी टेस्ट सीरीज होनी है। इस सीरीज के शुरू होने में अभी करीब दो महीने का समय है, लेकिन इससे पहले ही इस टेस्ट सीरीज पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं, क्योंकि कोरोना वायरस की वजह से इस सीरीज का शुरू होना संभव नहीं लगता। खुद इंग्लैंड क्रिकेट टीम के प्रमुख भी ये मान चुके हैं कि जून की शुरुआत में सीरीज का शुभारंभ होना संभव नहीं है।

इंग्लैंड क्रिकेट टीम के प्रमुख एश्ले जाइल्स ने वेस्टइंडीज के खिलाफ जून में प्रस्तावित घरेलू सीरीज के आयोजन में देरी होने आशंका जताते हुए कहा कि तीन मैचों की यह सीरीज कोरोना वायरस के संक्रमण की स्थिति पर निर्भर करेगी। इंग्लैंड में चार दिवसीय मुकाबले वाली काउंटी चैंपियनशिप रविवार को शुरू होने वाली थी लेकिन यहां किसी भी तरह की क्रिकेट प्रतियोगिता को 28 मई तक के लिए स्थगित कर दिया गया है।

सीरीज हो सकती है स्थगित

कोविड-19 महामारी के कारण इस स्थगन के आगे बढ़ने की आशंका है। इंग्लैंड को वेस्टइंडीज के खिलाफ चार जून से शुरू होने वाली तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में भाग लेना है जिसका पहला मुकाबला ओवल में खेला जाना है। इंग्लैंड टीम के निदेशक जाइल्स ने गुरुवार को कहा कि हमारे लिए अभी भी 28 मई की समय सीमा है लेकिन मुझे लगता है इस बात की संभावना काफी कम है कि हम जून में कोई क्रिकेट खेल पाए। उन्होंने कहा कि हमें विकल्पों के बारे में सोचना होगा।

कोरोना वायरस की वजह से एक लाख से ज्यादा लोगों की जान चली गई है। इस वायरस के कारण तमाम टूर्नामेंट और द्विपक्षीय सीरीज भी स्थगित हो गई हैं। यहां तक कि टोक्यो ओलंपिक भी इसी वायरस के कारण स्थगित किया गया है। ऐसे में इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच होने वाली सीरीज भी स्थगित हो सकती है, जिसके मौके ज्यादा हैं।