अहमदाबाद। इंग्लैंड क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने गुरुवार को इंग्लैंड क्रिकेट टीम की जमकर बुराई की। उन्होंने अपनी क्षमता के मुताबिक बल्लेबाजी नहीं करने पर इंग्लैंड के बल्लेबाजों की आलोचना की। भारत और इंग्लैंड के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में चौथा टेस्ट मैच खेला जा रहा है जिसमें इंग्लैंड के कप्तान जो रूट ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। इसके बाद टीम के बल्लेबाज पहले सेशन में कुछ खास नहीं कर पाए और अपने विकेट जल्दी-जल्दी गंवा दिए।
इससे पहले भारत में टेस्ट मैच की पिचों को लेकर अपनी आवाज उठाने वाले माइकल वॉन ने कहा कि, चौथे टेस्ट मैच के लिए जो पिच है वो पूरी तरह से परफेक्स है। इसके बाद उन्होंने उन्होंने इंग्लैंड के बल्लेबाजों पर रन नहीं बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि, इंग्लैंड की बल्लेबाजी पिछले कुछ टेस्ट मैच के मुकाबले बेहद खराब है। इस पिच पर पहली पारी में स्कोर किया जा सकता है क्योंकि ये रन बनाने के लिए परफेक्ट पिच है। यहां स्पिन नहीं है और गेंद बल्ले पर आ रही है, बेहद खराब बल्लेबाजी।
इंग्लैंड की टीम ने पहले सेशन में सिर्फ 30 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे। हालांकि इसके बाद बेन स्टोक्स की पारी से टीम का स्थिति थोड़ी संभली। इससे पहले ओपनर जैक क्राउली को 9 रन पर जबकि डोमिनिक सिब्ले को 2 रन पर अक्षर पटेल ने आउट कर दिया था तो वहीं कप्तान जो रूट पूरी तरह से फेल रहे और उन्हें 5 रन पर मो. सिराज ने LBW आउट कर दिया था। इसके बाद जॉनी बेयरस्टो को 28 रन पर मो. सिराज ने LBW आउट कर दिया तो वहीं बेन स्टोक्स को वाशिंगटन सुंदर ने 55 रन के स्कोर पर LBW आउट कर पवेलियन की राह दिखा दी।

