नई दिल्ली : भारतीय टीम के लिए साल 2025 व्हाइट बॉल क्रिकेट में शानदार रहा, जबकि टेस्ट फॉर्मेट में टीम को निराशा का सामना करना पड़ा। अब सभी की नजरें 2026 पर टिकी हैं, जहाँ टी20 वर्ल्ड कप, एशियन गेम्स और महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 जैसे बड़े टूर्नामेंट आयोजित होने हैं। इतना ही नहीं, साल 2026 में टीम इंडिया वनडे वर्ल्ड कप 2027 की तैयारियों को भी अंतिम रूप देना शुरू करेगी।
भारतीय मेंस क्रिकेट टीम साल 2026 में अपने सफर की शुरुआत 11 जनवरी से न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज से करेगी। इसके बाद दोनों टीमों के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगी। 7 फरवरी से 8 मार्च तक टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आयोजन होगा। वर्ल्ड कप के बाद साल के अंत तक भारतीय टीम करीब पांच टेस्ट और 15 वनडे मुकाबले खेलेगी।
टीम इंडिया की नजरें दो ICC ट्रॉफी और 2 गोल्ड मेडल पर
भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के लिए साल 2026 जितना अहम है, उतना ही महत्वपूर्ण यह साल महिला क्रिकेट टीम के लिए भी है। साल 2025 में जहाँ मेंस टीम ने चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीता था, वहीं महिला टीम ने वनडे वर्ल्ड कप अपने नाम किया था। अब एक बार फिर 2026 में पुरुष और महिला दोनों टीमों की नजरें एक-एक ICC टाइटल पर होंगी। खास बात यह है कि इस साल पुरुष और महिला दोनों के टी20 वर्ल्ड कप आयोजित किए जाएंगे।
एशियन गेम्स 2023 में भारतीय मेंस टीम ने ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी में, जबकि हरमनप्रीत कौर के नेतृत्व में महिला टीम ने गोल्ड मेडल अपने नाम किए थे। इस साल एक बार फिर भारत के सामने दो गोल्ड मेडल दांव पर होंगे। वहीं, कॉमनवेल्थ गेम्स से इस बार क्रिकेट को बाहर कर दिया गया है। पिछले सीजन में भारतीय महिला टीम ने कॉमनवेल्थ गेम्स में सिल्वर मेडल जीता था।
साल 2026 के लिए भारतीय मेंस टीम का शेड्यूल
| श्रृंखला/टूर्नामेंट | मेजबान देश | प्रारूप | मैच | तिथियां |
| न्यूजीलैंड का भारत दौरा | भारत | ODI, T20Is | 3 वनडे, 5 टी20आई | 11-31 जनवरी 2026 |
| T20 विश्व कप 2026 | भारत/श्रीलंका | T20Is | 4-9 टी20आई | 7 फरवरी – 8 मार्च 2026 |
| आईपीएल 2026 | भारत | T20s | – | 27 मार्च – 31 मई 2026 |
| अफगानिस्तान का भारत दौरा | भारत | ODI, Test | 1 टेस्ट, 3 वनडे | जून 2026 |
| भारत का इंग्लैंड दौरा | इंग्लैंड | ODI, T20Is | 3 वनडे, 5 टी20आई | 1-19 जुलाई 2026 |
| भारत का श्रीलंका दौरा | श्रीलंका | Test | 2 टेस्ट (WTC का हिस्सा) | अगस्त 2026 |
| भारत का बांग्लादेश दौरा* | बांग्लादेश | ODI, T20Is | 3 वनडे, 5 टी20आई | सितंबर 2026 |
| एशियाई खेल 2026* | जापान | T20Is | 1-3 टी20आई | 19 सितंबर – 4 अक्टूबर 2026 |
| भारत का अफगानिस्तान दौरा* | न्यूट्रल | T20Is | 3 टी20आई | सितंबर/अक्टूबर 2026 |
| वेस्टइंडीज का भारत दौरा | भारत | ODI, T20Is | 3 वनडे, 5 टी20आई | अक्टूबर/नवंबर 2026 |
| भारत का न्यूजीलैंड दौरा | न्यूजीलैंड | Tests, ODI, T20Is | 2 टेस्ट, 3 वनडे, 5 टी20आई | नवंबर/दिसंबर 2026 |
साल 2026 के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम का शेड्यूल
| श्रृंखला / टूर्नामेंट | मेजबान / स्थान | प्रारूप | मैच | तिथियां |
| भारत का ऑस्ट्रेलिया दौरा | ऑस्ट्रेलिया | Test, ODI, T20I | 1 टेस्ट, 3 वनडे, 3 टी20आई | 15 फरवरी – 9 मार्च 2026 |
| भारत का इंग्लैंड दौरा | इंग्लैंड | T20I | 3 टी20 इंटरनेशनल | 28 मई – 2 जून 2026 |
| ICC महिला T20 विश्व कप 2026 | इंग्लैंड | T20I | मुख्य टूर्नामेंट | 12 जून – 5 जुलाई 2026 |
| भारत का इंग्लैंड दौरा | इंग्लैंड | Test | इकलौता टेस्ट (Lord’s) | 10 जुलाई – 13 जुलाई 2026 |
| एशियाई खेल 2026 | जापान | T20I | टी20 टूर्नामेंट | 19 सितंबर – 4 अक्टूबर 2026 |

