नई दिल्ली : पारस डोगरा की कप्तानी में रणजी ट्रॉफी 2025-26 का सीजन खेलने वाली जम्मू-कश्मीर की टीम ने पहली बार यह खिताब अपने नाम किया। टूर्नामेंट के इतिहास में मुंबई, कर्नाटक और विदर्भ जैसी टीमों का दबदबा अधिकतर सीजन में देखा गया है, लेकिन इस बार जम्मू-कश्मीर ने सभी अनुमानों को गलत साबित करते हुए फाइनल मुकाबले में कर्नाटक को पहली पारी की बढ़त के आधार पर हराया। इस ऐतिहासिक जीत में टीम के कई उभरते खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन सबसे अधिक चर्चा का केंद्र रहे 29 वर्षीय तेज गेंदबाज Aaqib Nabi, जिन्होंने अपनी बॉलिंग से सभी को प्रभावित किया। अब उनका फोकस आगामी इंडियन प्रीमियर लीग के सीजन पर रहेगा, जहां वे सबसे ज्यादा नजरों में रहने वाले खिलाड़ियों में से एक होंगे।
रणजी ट्रॉफी 2025-26 सीजन में जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज Aaqib Nabi ने 10 मैचों में खेलते हुए 60 विकेट हासिल किए। इसी उपलब्धि के साथ वह टूर्नामेंट के इतिहास में केवल तीसरे तेज गेंदबाज बन गए, जिन्होंने एक सीजन में 60 या उससे अधिक विकेट लेने में सफलता पाई। आकिब नबी का प्रदर्शन पिछले सीजन भी शानदार रहा था, जब उन्होंने 44 विकेट लेकर दूसरे स्थान पर रहे थे। इस बार वह सीजन का शीर्ष स्थान हासिल करने में कामयाब रहे और लगातार दो रणजी सीजन में 100 से अधिक विकेट लेने का रिकॉर्ड अपने नाम किया। इस प्रदर्शन के चलते आगामी आईपीएल 2026 सीजन में भी आकिब नबी पर सभी की नजरें टिकी रहेंगी। वे इस सीजन में Delhi Capitals की स्क्वाड का हिस्सा हैं, जिन्हें फ्रेंचाइजी ने पिछले साल के मिनी ऑक्शन में 8 करोड़ 40 लाख रुपये में शामिल किया था।
अगर आकिब नबी के अब तक के करियर पर नजर डालें, तो फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उन्होंने 41 मैचों में खेलते हुए 67 पारियों में गेंदबाजी की और 18.37 के औसत से कुल 156 विकेट हासिल किए हैं। इस दौरान उन्होंने 16 बार एक पारी में पांच विकेट लेने का शानदार कारनामा किया। टी20 क्रिकेट में भी उनका प्रदर्शन प्रभावशाली रहा है, जिसमें उन्होंने 34 मैचों में खेलते हुए 21.81 के औसत से कुल 43 विकेट लिए हैं।

