नई दिल्ली: आईसीसी की ताज़ा रैंकिंग में भारतीय बल्लेबाजों का दबदबा एक बार फिर साफ दिखा। वनडे बैटिंग रैंकिंग में रोहित शर्मा मजबूती से शीर्ष स्थान पर कायम हैं, जबकि टी20 बल्लेबाजों की सूची में अभिषेक शर्मा नंबर-1 पर काबिज हैं। वहीं वनडे रैंकिंग में विराट कोहली ने शुभमन गिल को पछाड़ते हुए उनसे ऊपर जगह बना ली है। टी20 रैंकिंग में तिलक वर्मा ने भी एक स्थान की छलांग लगाकर अपनी मौजूदगी और मजबूत कर ली है।
कोहली ने रैंकिंग में गिल को पछाड़ा
रांची वनडे में शानदार शतक जड़ने वाले विराट कोहली आईसीसी वनडे बैटिंग रैंकिंग में एक पायदान चढ़कर अब चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं। वहीं शुभमन गिल एक पायदान फिसलकर पांचवें स्थान पर आ गए। फिलहाल रोहित शर्मा 783 रेटिंग के साथ पहले स्थान पर काबिज हैं, जबकि विराट कोहली 751 रेटिंग के साथ चौथे स्थान पर मौजूद हैं। गिल की रेटिंग 738 है और वे पांचवें नंबर पर हैं। वनडे के टॉप 10 बल्लेबाजों की सूची में श्रेयस अय्यर भी 693 रेटिंग के साथ नौवें स्थान पर बरकरार हैं।
अभिषेक शर्मा का दबदबा बरकरार
आईसीसी की टी20 बल्लेबाजों की रैंकिंग में अभिषेक शर्मा का जलवा कायम है और वो 920 रेटिंग के साथ पहले स्थान पर बने हुए हैं। इस रैंकिंग में तिलक वर्मा को फायदा हुआ है और वो छठे नंबर से 5वें नंबर पर आ गए हैं। भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ताजा रैंकिंग में 8वें स्थान पर 691 रेटिंग के साथ बने हुए हैं। टॉप 10 में भारत के तीन खिलाड़ी मौजूद हैं।
कुलदीप यादव पहुंच गए छठे पायदान पर
कुलदीप यादव के लिए रांची वनडे बेहद खास रहा। हाई-स्कोरिंग मुकाबले में चार अहम विकेट झटकने के बाद वह आईसीसी वनडे गेंदबाज रैंकिंग में छठे स्थान पर पहुंच गए हैं। बाएं हाथ के इस कलाई के जादूगर ने मैच के निर्णायक मौकों पर मैथ्यू ब्रीट्ज़के और मार्को जेनसन जैसे महत्वपूर्ण बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। शानदार प्रदर्शन की बदौलत कुलदीप अब 641 रेटिंग पॉइंट्स के साथ मिचेल सेंटनर को पछाड़कर छठे पायदान पर पहुंच गए हैं। वर्तमान में वह वनडे फॉर्मेट में भारत के सबसे टॉप रैंकिंग वाले गेंदबाज भी बन गए हैं।

