नई दिल्ली: विजय हजारे ट्रॉफी 2025–26 के तीसरे राउंड के मुकाबले सोमवार को खेले जाएंगे और इससे पहले पंजाब के तूफानी ओपनर बल्लेबाज अभिषेक शर्मा शानदार लय में नजर आए। पंजाब को अपना तीसरा मैच उत्तराखंड के खिलाफ खेलना है और उससे पहले अभिषेक ने नेट सेशन के दौरान छक्कों की झड़ी लगाकर अपनी जबरदस्त फॉर्म और आक्रामक इरादे साफ कर दिए।
नेट प्रैक्टिस में अभिषेक शर्मा का धमाका, 45 छक्कों से मचाया शोर
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, अभ्यास के दौरान अभिषेक शर्मा शानदार फॉर्म में नजर आए और वह भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल में किए गए अपने बेहतरीन प्रदर्शन और लय को बरकरार रखना चाहते हैं। अभिषेक ने जयपुर के बाहरी इलाके में स्थित अनंतम क्रिकेट ग्राउंड पर करीब एक घंटे तक जमकर अभ्यास किया, जहां दुनिया के नंबर एक टी20आई बल्लेबाज ने इस दौरान कम से कम 45 छक्के जड़े। यह सत्र किसी रूटीन नेट सेशन के बजाय एक खास ड्रिल जैसा नजर आया। खास तौर पर अभिषेक स्पिन गेंदबाजी के खिलाफ अभ्यास करते दिखे, जिस पर उन्हें पहले परेशानी का सामना करना पड़ा है।
अभिषेक को लगातार ऑफ-स्पिन, लेग-स्पिन और लेफ्ट-आर्म ऑर्थोडॉक्स बॉलिंग का प्रैक्टिस के दौरन सामना करना पड़ा। लाइट रोलर चलाने के लिए कहने के बावजूद पिच खराब व्यवहार करती रही जिससे गेंदें या तो अजीब तरह से ऊपर उठ रही थीं या खतरनाक तरीके से नीचे रह रही थीं। छोटी लेंथ की गेंदों ने उन्हें कभी-कभी परेशान किया, लेकिन उनके फुटवर्क ने जल्दी ही इसका जवाब दे दिया।
कुछ शुरुआती गेंदों पर बीट होने के बाद अभिषेक शर्मा ने जल्दी ही खुद को एडजस्ट कर लिया। उन्होंने अपने पैरों का बेहतरीन इस्तेमाल किया, स्पिनरों के सामने आगे बढ़कर खेला और आत्मविश्वास के साथ गैप्स को टारगेट किया। जब गेंद थोड़ी पीछे फेंकी जाती, तो वह पिच पर आगे बढ़ते और आराम से उसे हवा में मारते, कई बार इनफील्ड के ऊपर से गेंद को निकालते। उनके कई शॉट्स एक्स्ट्रा कवर के ऊपर से गए, जिससे यह साफ नजर आया कि वह स्पिन पर हावी होना चाहते थे। कुछ मौकों पर तो गेंद पास की इमारतों के नजदीक बाउंड्री के बाहर भी पहुंच गई। अभिषेक ने खासकर लेफ्ट-आर्म स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ ज्यादा बैटिंग की और जब बाकी टीम की ट्रेनिंग खत्म हो गई, तो पंजाब के कप्तान ने दोबारा पैड पहनकर कुछ देर तेज गेंदबाजों का सामना किया।

