नई दिल्ली : भारतीय टीम के ओपनर अभिषेक शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांचवें टी20 मुकाबले में शानदार बल्लेबाजी करते हुए नया विश्व रिकॉर्ड कायम किया। उन्होंने अपने कप्तान सूर्यकुमार यादव का रिकॉर्ड तोड़ते हुए इतिहास रच दिया। अभिषेक अब टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे कम गेंदों में 1000 रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उनकी यह उपलब्धि भारतीय क्रिकेट के लिए एक और यादगार पल लेकर आई है।
अभिषेक शर्मा ने रचा इतिहास, तोड़ा सूर्यकुमार यादव का बड़ा रिकॉर्ड
भारतीय ओपनर बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने भारतीय टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव का रिकॉर्ड तोड़ दिया और वो अब टी20आई में सबसे कम गेंदों पर 1000 रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में पहले नंबर पर आ गए। अभिषेक ने अपने 1000 रन 528 गेंदों पर पूरे किए जबकि सूर्यकुमार यादव ने ये कमाल 573 गेंदों पर किया था। इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर फिल साल्ट हैं जिन्होंने 599 गेंदों पर ये कमाल किया था।
T20I में सबसे कम गेंदों पर 1000 रन बनाने वाले बल्लेबाज
528 गेंद- अभिषेक शर्मा
573 गेंद- सूर्यकुमार यादव
599 गेंद- फिल साल्ट
604 गेंद- ग्लेन मैक्सवेल
609 गेंद- आंद्रे रसेल/ फिन एलन
अभिषेक शर्मा ने पछाड़ा केएल राहुल, रचा नया टी20 रिकॉर्ड
अभिषेक शर्मा ने भारत की ओर से टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे कम पारियों में 1000 रन पूरे करने वाले बल्लेबाजों की सूची में दूसरा स्थान हासिल किया है। उन्होंने यह उपलब्धि सिर्फ 28 पारियों में पूरी की, जबकि केएल राहुल ने ऐसा करने में 29 पारियां ली थीं। इस मामले में अभिषेक ने राहुल को पीछे छोड़ दिया है। वहीं, टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली इस सूची में शीर्ष पर हैं, जिन्होंने मात्र 27 पारियों में यह आंकड़ा छू लिया था।
भारत की तरफ से टी20आई में सबसे कम पारियों में 1000 रन बनाने वाले बैटर
27 पारी- विराट कोहली
28 पारी-अभिषेक शर्मा
29 पारी-केएल राहुल
31 पारी-सूर्यकुमार यादव
40 पारी-रोहित शर्मा

