17 वर्षीय अधिराज ने ITF World Tennis Tour Junior 30 में शानदार प्रदर्शन कर सातवां अंतरराष्ट्रीय खिताब जीता
एनएसटी न्यूज, भोपाल। मध्य प्रदेश के ग्वालियर के युवा टेनिस खिलाड़ी अधिराज ठाकुर ने अहमदाबाद में आयोजित ITF World Tennis Tour ‘Junior 30 Ahmedabad’ 2025 में शानदार उपलब्धि हासिल की। 17 वर्षीय अधिराज ने एकल और युगल दोनों वर्गों में खिताब जीतकर इतिहास रचा। ग्वालियर-चंबल संभाग ही नहीं बल्कि पूरे मध्य प्रदेश के लिए यह गर्व का क्षण है, क्योंकि अधिराज ऐसा करने वाले संभवतः प्रदेश के पहले खिलाड़ी बन गए हैं। यह अधिराज के दस साल के टेनिस करियर का सातवां अंतरराष्ट्रीय टाइटल है।

एकल वर्ग में शानदार सफर
अधिराज को इस टूर्नामेंट में सातवीं वरीयता मिली थी। पहले दौर में उन्हें वॉकओवर मिला। दूसरे दौर में उन्होंने दिगांथ एम. को 6-3, 6-1 से आसानी से हराया। तीसरे राउंड में उदय कौल को 6-4, 6-2 से मात दी। क्वार्टरफाइनल में अधिराज ने ओम वर्मा को 6-3, 6-0 से हराया। सेमीफाइनल में तीसरी वरीयता प्राप्त आदित्य मोर के खिलाफ कड़ा मुकाबला हुआ लेकिन अधिराज ने 7-6(5), 6-3 से जीत दर्ज की। फाइनल में उन्होंने शीर्ष वरीयता प्राप्त देव विपुल पटेल को 6-2, 6-4 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया।
फाइनल में दमदार खेल
अधिराज ने पूरे टूर्नामेंट में अपने शानदार फोरहैंड, बैकहैंड और ताकतवर सर्विस से विरोधियों को दबाव में रखा। खासकर फाइनल में उनका आत्मविश्वास साफ झलक रहा था। उन्होंने कोर्ट पर आक्रामक रहते हुए पटेल को कोई मौका नहीं दिया। 6-2, 6-4 की सीधी सेटों की जीत ने दिखा दिया कि अधिराज का खेल अब और परिपक्व हो चुका है।
ओजस के साथ जीता युगल खिताब
एकल के साथ-साथ अधिराज ने युगल वर्ग में दिल्ली के ओजस मेहलावत के साथ साझेदारी कर खिताब जीता। दूसरे दौर में इस जोड़ी ने मन राय और अमृत वत्स को 6-4, 6-4 से हराया। सेमीफाइनल में प्रत्युष लोगनाथन और प्रणव महेश श्रीवनकुमार को कड़े मुकाबले में 6-2, 7-6(6), 10-3 से मात दी। शनिवार को खेले गए फाइनल में अधिराज-ओजस की जोड़ी ने वीर मदम और देव नंदसाना को 6-2, 6-3 से हराकर खिताब जीता। यह अधिराज का पांचवां युगल टाइटल है।
ग्वालियर का गौरव बने अधिराज
अहमदाबाद की गर्मी और कठिन मुकाबलों के बीच अधिराज ने धैर्य और अनुशासन से जीत हासिल की। उनके इस प्रदर्शन ने ग्वालियर और मध्य प्रदेश का नाम रोशन किया है। परिवार, कोच और खेल प्रेमियों ने इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी है। विशेषज्ञ मानते हैं कि अधिराज की यह सफलता आने वाले समय में उन्हें अंतरराष्ट्रीय सर्किट में और बड़े मंच तक पहुंचा सकती है।

