नई दिल्ली: भारतीय टीम ने जून 2024 में टी20 वर्ल्ड का खिताब जीता था। इसके बाद तत्कालीन कप्तान रोहित शर्मा, विराट कोहली और रविंद्र जडेजा ने इस फॉर्मेट से संन्यास ले लिया था। वर्ल्ड चैंपियन बनने के बाद भारतीय टीम के प्रदर्शन शानदार रहा है। वह 32 में से 29 मैच जीती है। केवल 3 मैच ही हारी है। हालांकि, उसके लिए चिंता वाली बात कप्तान सूर्यकुमार यादव की फॉर्म और संजू सैमसन का एक ही तरह से आउट होना है।
भारतीय टीम का प्रदर्शन
टी20 वर्ल्ड कप 2024 जीतने के बाद जुलाई में भारतीय टीम ने शुभमन गिल की अगुआई में जिम्बाब्वे को 4-1 से हराया। इसके बाद सूर्यकुमार यादव और गौतम गंभीर के दौर की शुरुआत हुई। भारत ने श्रीलंका को जुलाई में 3-0 से हराया। फिर अक्टूबर में बंग्लादेश को 3-0 से हराया। इसके बाद नवंबर में साउथ अफ्रीका को 3-1 से हराया। अब 2025 की शुरुआत इंग्लैंड को 4-1 से हराकर की।
भारतीय टीम का मूल मंत्र
वर्ल्ड चैंपियंस टीम बल्ले से आक्रामक क्रिकेट खेल रही है। नंबर 8 तक बल्लेबाजी होने के साथ वह पहली गेंद से अक्रामक क्रिकेट खेलती है। इसके अलावा वरुण चक्रवर्ती की अगुआई में स्पिनर नियमित रूप से विपक्षी टीम के बल्लेबाजों को परेशान कर रहे हैं। ऐसा नहीं है कि केवल बल्लेबाजी में गहराई है। गेंदबाजी में भी गहराई दिखी है। अभिषेक शर्मा जैसे खिलाड़ियों ने गेंद के साथ बल्ले से भी योगादन दिया है। शिवम दुबे ने गेंदबाजी की है। टी20 वर्ल्ड कप 2026 भारत और श्रीलंका में होना है। ऐसे में भारतीय टीम आगे भी इसी मूल मंत्र पर चलना जारी रखेगी। भारतीय टीम अब लंबे समय तक टी20 नहीं खेलेगी। अगस्त में बांग्लादेश दौरे पर टी20 सीरीज खेलना है। हालांकि, भारतीय खिलाड़ियों को आईपीएल से फायदा होगा।
चुनौती का करना पड़ा सामना
इंग्लैंड के खिलाफ भारतीय टीम भले 4-1 से सीरीज जीत गई, लेकिन ऐसा नहीं है कि उसे चुनौती का सामना नहीं करना पड़ा। दूसरे टी20 में भारतीय टीम ने 126 रन पर 7 विकेट गंवा दिए थे। तिलक वर्मा ने जिम्मेदारी उठाई और नाबाद 72 रन की पारी खेली। भारत 4 गेंद शेष रहते 166 का टारगेट चेज कर गया। तीसरे टी20 में भारतीय टीम हारी, तो खूब आलोचना हुई। इसके बाद चौथे टी20 में टीम ने 12 रन पर 3 विकेट गंवाने के बाद भी आक्रामक क्रिकेट खेलना जारी रखा।
शिवम दुबे और अभिषेक शर्मा ने की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी
शिवम दुबे 34 गेंद पर 53 और हार्दिक पंड्या 30 गेंद पर 53 रन की पारी की मदद से 181 रन बनाए। कनकशन सब्स्टीट्यूट के तौर पर हर्षित राणा ने 3 विकेट लेकर मैच पलटा। 5वें मैच में अभिषेक शर्मा ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी। उन्होंने शतक ही नहीं लगाया। इसे बड़ी पारी में बदला। उनके अलावा किसी बल्लेबाज ने अर्धशतक नहीं लगाया। इसके बाद भी भारतीय टीम 247 तक पहुंची। मोहम्मद शमी ने 3 विकेट लिए। चैंपियंस ट्रॉफी से पहले यह भारत के लिए अच्छी खबर है। शिवम दुबे ने गेंदबाजी की। उन्हें भी विकेट मिला। अभिषेक शर्मा ने भी विकेट चटकाए।
भारत के लिए क्या है चिंता का विषय?
भारत के लिए चिंता का विषय कप्तान सूर्यकुमार यादव की फॉर्म है। सूर्यकुमार वर्तमान में इस फॉर्मेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में 5 पारियों में 5.60 के औसत से 28 रन बनाए। 14 उनका सर्वोच्च स्कोर रहा। वह 2 पारियों में बगैर खाता खोले आउट हुए। वह पिछली 8 पारियों में 54 रन ही बना सके हैं। 21 उनका सर्वोच्च स्कोर है। 5 पारियों में दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाए हैं।
संजू सैमसन पांचों पारियों में शॉर्ट बॉल पर आउट हुए
संजू सैमसन ने पिछले साल के अंत में 3 शतक जड़े थे, लेकिन इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में फेल रहे। फेल रहने से ज्यादा चिंता का विषय एक ही तरीके से आउट होना है। संजू ने इंग्लैंड के खिलाफ 5वें टी20 में पहली की गेंद पर जोफ्रा आर्चर छक्का लगाकर की। इसके बाद इसी ओवर में एक और छक्का और चौका लगाया। फिर मार्क वुड ने उन्हें शॉर्ट बॉल पर जोफ्रा आर्चर के हाथों कैच कराया। इससे पहले चौथे टी20 में शाकिब महमूद ने उन्हें शॉर्ट बॉल पर आउट किया था। जोफ्रा आर्चर ने शुरुआती 3 मैचों में शॉर्ट बॉल पर आउट किया था। संजू पांचों पारियों में शॉर्ट बॉल पर आउट हुए। अभिषेक शर्मा ने इंग्लैंड के खिलाफ आखिरी टी20 में ऐतिहासिक पारी खेली।