नई दिल्ली: भारतीय टीम को घर पर साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के बाद 9 दिसंबर से पांच मैचों की टी20 सीरीज खेलनी है, जिसके लिए बीसीसीआई ने 3 दिसंबर को स्क्वाड का ऐलान कर दिया। इस स्क्वाड में हार्दिक पांड्या की टीम में वापसी हुई, लेकिन रिंकू सिंह को जगह नहीं मिली, जो सभी के लिए चौंकाने वाला फैसला रहा। रिंकू को एशिया कप 2025 और उसके बाद ऑस्ट्रेलिया दौरे की टी20 सीरीज में सिर्फ एक ही मुकाबला खेलने का अवसर मिला था। अब सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में टीम इंडिया से बाहर रहने के बाद, रिंकू सिंह ने अपने बल्ले से आक्रामक अंदाज दिखाया।
रिंकू सिंह ने 240 की स्ट्राइक रेट से रन ठोके
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 में 4 दिसंबर को ग्रुप-बी में उत्तर प्रदेश की टीम का मुकाबला चंडीगढ़ के खिलाफ था। इस मैच में उत्तर प्रदेश को पहले बल्लेबाजी का अवसर मिला और टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 212 रन बनाए। रिंकू सिंह ने टीम के स्कोर को 200 रन के पार पहुँचाने में अहम योगदान दिया, जिसमें उन्होंने सिर्फ 10 गेंदों में 24 रन बनाए। इस दौरान रिंकू ने 2 चौके और 2 छक्के भी लगाए। वहीं, उत्तर प्रदेश की तरफ से समीर रिजवी ने 42 गेंदों में 70 रन की शानदार पारी खेली।
यूपी की टीम ने हासिल की टूर्नामेंट में तीसरी जीत
चंडीगढ़ के खिलाफ इस मुकाबले में उत्तर प्रदेश की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 212 रन बनाए और फिर अपनी शानदार गेंदबाजी के दम पर चंडीगढ़ को 20 ओवर में 172 रन पर रोक दिया। यूपी की तरफ से भुवनेश्वर कुमार ने अपने 4 ओवर में सिर्फ 23 रन खर्च करते हुए 3 महत्वपूर्ण विकेट लिए। इसके अलावा विपराज निगम ने 2 विकेट चटकाए, जबकि शिवम मावी, कार्तिक त्यागी और प्रशांत वीर ने 1-1 विकेट अपने नाम किया। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 में यूपी की यह पांचवीं मैच थी, जिसमें टीम ने अपनी तीसरी जीत दर्ज की और ग्रुप-बी की पॉइंट्स टेबल में 12 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है।

