नई दिल्ली: भारत, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के खिलाफ शानदार प्रदर्शन के बाद श्रीलंका क्रिकेट टीम को नया कोच मिल गया है। दिग्गज खिलाड़ी सनत जयसूर्या को हेड कोच बना दिया गया है। डेढ़ साल का उनका कार्यकाल 1 अक्टूबर 2024 को ही शुरू हो गया। जयसूर्या पहले से ही टीम के साथ बने हुए थे। भारत के खिलाफ घरेलू लिमिटेड ओवर्स सीरीज, इंग्लैंड दौरा और न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में वह अंतरिम कोच थे। उनके पद संभालने के बाद वेस्टइंडीज से श्रीलंका की टीम सीमित ओवरों की सीरीज दांबुला और पल्लेकेले में खेलेगी।
श्रीलंका क्रिकेट ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि जयसूर्या की नियुक्ति 1 अक्टूबर से प्रभावी होगी और 31 मार्च, 2026 तक चलेगी। एक्स पर पोस्ट में लिखा गया, “श्रीलंका क्रिकेट सनथ जयसूर्या को राष्ट्रीय टीम के मुख्य कोच नियुक्त करने की घोषणा करना चाहता है। श्रीलंका क्रिकेट की कार्यकारी समिति ने भारत, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के खिलाफ हालिया सीरीज में टीम के अच्छे प्रदर्शन को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया, जहां जयसूर्या ‘अंतरिम मुख्य कोच’ थे।
क्रिस सिल्वरवुड ने टी20 वर्ल्ड कप के बाद दिया था इस्तीफा
टी20 वर्ल्ड कप 2024 में श्रीलंका का प्रदर्शन खराब रहा था। इसके बाद क्रिस सिल्वरवुड ने पद से इस्तीफा दे दिया था। जयसूर्या को भारतीय टीम के दौरे पर आने से पहले अंतरिम कोच नियुक्त किया गया। टी20 में श्रीलंका की टीम 3-0 से हारी, लेकिन वनडे सीरीज 2-0 से जीतने में सफल रही।
इसके बाद श्रीलंका की टीम इंग्लैंड दौरे पर 3 मैचों की टेस्ट सीरीज खेलने गई। 1-2 से सीरीज हारी। फिर न्यूजीलैंड की टीम श्रीलंका दौरे पर आई। श्रीलंका ने उसका 2-0 से क्लीन स्वीप कर दिया। इस सीरीज के बाद जयसूर्या को स्थायी रूप से कोच बनाने की खबरें आई थीं। रिपोर्ट्स थीं कि बोर्ड और उनके बीच बातचीत चल रही है।
मुख्य चयनकर्ता रह चुके हैं जयसूर्या
ईएसपीएनक्रिकइंफो जयसूर्या ने पहली बार गंभीरता से कोचिंग को लिया है। उन्होंने कई इंटरव्यू में कहा है कि वह अपनी प्राथमिक भूमिका को ऐसा माहौल बनाने के रूप में देखते हैं, जिसमें खिलाड़ी स्वतंत्रता के साथ काम कर सकें। कई खिलाड़ियों ने सार्वजनिक रूप से उनकी प्रशंसा की है। आईसीसी के भ्रष्टाचार निरोधक संहिता के तहत दो साल के प्रतिबंध से पहले जयसूर्या की टीम के साथ पिछली भागीदारी मुख्य चयनकर्ता के रूप में थी। उन्होंने दो अलग-अलग कार्यकालों में यह पद संभाला था।