भोपाल। भोपाल स्थित रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय के फुटबॉल ग्राउंड पर आयोजित एजीयू स्पोर्ट्स मीट–2026 का भव्य समापन उत्साह और खेल भावना के साथ सम्पन्न हुआ। समापन समारोह में विभिन्न विश्वविद्यालयों के खिलाड़ियों, खेल अधिकारियों और गणमान्य अतिथियों की मौजूदगी में विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी व प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। मुख्य अतिथि अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी अशोक ध्यानचंद ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल जीत-हार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, नेतृत्व और व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय स्तर की प्रतियोगिताएं युवाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच के लिए तैयार करती हैं।
अध्यक्षीय उद्बोधन में आईसेक्ट ग्रुप के प्रतिनिधि डॉ. सिद्धार्थ चतुर्वेदी ने कहा कि समूह का लक्ष्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना है। खेलों के माध्यम से टीम भावना, निर्णय क्षमता और चुनौतियों से जूझने का साहस विकसित होता है। रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय की उप कुलाधिपति डॉ. अदिति चतुर्वेदी वत्स ने कहा कि एजीयू स्पोर्ट्स मीट विभिन्न विश्वविद्यालयों के बीच समन्वय और एकता का उत्सव है। रजिस्ट्रार डॉ. संगीता जौहरी ने आयोजन से जुड़े सभी समन्वयकों, निर्णायकों और स्वयंसेवकों के प्रति आभार जताया।
क्रिकेट में रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय भोपाल ने खिताब जीता। संजय मानिक मैन ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहे, जबकि बेस्ट बॉलर भरत को चुना गया। बेस्ट बैट्समैन हिमांशु (सी.वी. रमन विश्वविद्यालय, खंडवा) बने और SGSU भोपाल रनर-अप रहा। फुटबॉल में आईसेक्ट विश्वविद्यालय झारखंड ने खिताब अपने नाम किया। महिला फुटसल और वॉलीबॉल में रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय भोपाल विजेता रहा।

