एनएसटी न्यूज, भोपाल। भारतीय शूटिंग को एक बार फिर दुनिया में पहचान दिलाते हुए ओलंपियन ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने काहिरा में हुई आईएसएसएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप 2025 में पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन्स में रजत पदक जीता। ऐश्वर्य मध्यप्रदेश के रहने वाले हैं और लंबे समय से देश के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। क्वालिफिकेशन में उन्होंने 597-40X का शानदार स्कोर बनाया, जो विश्व रिकॉर्ड की बराबरी माना जाता है। यह भारतीय शूटिंग के लिए एक बड़ा पल था। फाइनल में ऐश्वर्य ने 466.9 अंक हासिल किए और बहुत कम अंतर से स्वर्ण पदक चूक गए। चीन के युकुन लियू ने 467.1 अंकों के साथ स्वर्ण जबकि फ्रांस के रोमैन् ऑफ़्रेर ने कांस्य जीता। मध्यप्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने ऐश्वर्य को उनकी उपलब्धि पर बधाई दी। यह रजत उनके करियर का पहला सीनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप मेडल है, जो उन्हें आने वाले ओलंपिक के लिए और भी मजबूत दावेदार बनाता है। भारत के नीरेज कुमार ने भी अच्छा प्रदर्शन किया। उन्होंने 592 अंकों के साथ फाइनल में जगह बनाई और 432.6 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर रहे।

