नई दिल्ली: भारत के ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने रविवार (24 अगस्त, 2025) को कजाकिस्तान के श्यमकेंट में चल रही 16वीं एशियन शूटिंग चैंपियनशिप राइफल/पिस्टल/शॉटगन में पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन (3पी) स्पर्धा में 462.5 अंकों के साथ व्यक्तिगत स्वर्ण पदक जीता। पूर्व जूनियर विश्व चैंपियन का यह महाद्वीपीय चैंपियनशिप में दूसरा व्यक्तिगत स्वर्ण पदक है, जिनके नाम पहले से एक रजत और एक कांस्य पदक भी है। चीन के झाओन वेन्यू को रजत और जापान के नाओया ओकाडा को कांस्य पदक मिला। वहीं, भारत के एड्रियन कर्माकर ने जूनियर पुरुषों की 3पी स्पर्धा में एशियाई जूनियर रिकॉर्ड के साथ 463.8 अंक हासिल कर स्वर्ण पदक जीता।
इससे पहले पुरुषों की 3पी स्पर्धा में भारत के तीनों निशानेबाज फाइनल में पहुंचे थे, जिनमें ऐश्वर्य ने घुटने टेक (नीलिंग), पेट के बल लेट (प्रोन ) और खड़े होकर (स्टैंडिंग) – तीनों पोजीशन में 20-20 शॉट्स के साथ कुल 584 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहते हुए क्वालिफाई किया। अनुभवी चेन सिंह ने 582 अंकों के साथ पांचवां स्थान हासिल किया, जबकि विश्व चैंपियनशिप कांस्य पदक विजेता अखिल शेरोन ने शानदार वापसी करते हुए 581 अंकों के साथ सातवां क्वालिफाइंग स्थान प्राप्त किया। चीन के तीनों खिलाड़ी भी फाइनल में पहुंचे, जबकि बाकी दो स्थान जापान और कोरिया के खिलाड़ियों को मिले। टीम स्पर्धा में भारत 1747 अंकों के साथ तीन अंकों से चीन से पीछे रह गया और टीम स्वर्ण चूक गया।
फाइनल में ऐश्वर्य का दबदबा
व्यक्तिगत फाइनल में ऐश्वर्य ने पहले ही घुटने टेकने की पोजीशन में शुरुआती पांच शॉट्स के बाद मजबूत बढ़त बना ली और लगातार बढ़त कायम रखते हुए गोल्ड अपने नाम किया। झाओ अंत में ऐश्वर्य से 0.5 अंक पीछे रह गए। 13वें शॉट के बाद दोनों के बीच फासला सिर्फ 0.3 का था, लेकिन 14वें शॉट में ऐश्वर्य ने 10.8 स्कोर करके फिर से एक अंक से अधिक की बढ़त हासिल की, जो अंत तक बनी रही। जापान के नाओया ओकाडा ने 448.8 अंकों के साथ कांस्य जीता, जबकि चेन (435.7) और अखिल (424.9) चौथे और पांचवें स्थान पर रहे।
जूनियर पुरुषों की 3पी में एड्रियन का निशाना सटीक
जूनियर पुरुषों की 3पी स्पर्धा में वेदांत वाघमारे ने क्वालिफाइंग में 582 अंकों के साथ दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि एड्रियन कर्माकर ने 576 अंकों के साथ आठवां और अंतिम स्थान प्राप्त किया। सामी उल्लाह खान (575), रोहित कन्यन (575), गौरव देसाले (569) और हितेश श्रीनिवासन (564) फाइनल में जगह नहीं बना सके। हालांकि, टीम स्पर्धा में वेदांत, एड्रियन और रोहित की तिकड़ी ने 1733 अंकों के साथ टीम स्वर्ण जीता।
व्यक्तिगत फाइनल में एड्रियन की रफ्तार बनी रही
फाइनल में एड्रियन ने घुटने टेक स्थिति के पहले 15 शॉट्स के बाद चीन के हान यिनान से 0.9 अंकों की बढ़त ले ली। वेदांत इस समय छठे स्थान पर थे। दूसरी प्रोन स्थिति के 10 शॉट्स के बाद वेदांत एड्रियन से सिर्फ 0.4 अंक पीछे थे, लेकिन एड्रियन ने आखिरी सीरीज़ में बढ़त को 1.4 तक बढ़ा दिया। मेज़बान कज़ाखिस्तान के ओलेग नॉस्कोव वेदांत से 0.8 अंक पीछे थे।
खड़े होकर शूटिंग (Standing) की पहली कठिन सीरीज़ में वेदांत ने 48.6 अंक बनाए और ओलेग ने कुछ देर के लिए उनसे रजत पदक की जगह छीन ली, लेकिन वेदांत ने फिर से वापसी की। इस बीच एड्रियन लगातार शानदार स्कोर करते रहे और 40 शॉट्स के बाद वे वेदांत से 3.2 अंक आगे थे। आखिरी पांच शॉट्स में चीन के हान ने जोरदार वापसी करते हुए वेदांत से रजत पदक छीन लिया, लेकिन एड्रियन ने 10.8, 10.2, 10.4, 10.5 और 10.5 स्कोर करते हुए न सिर्फ अपना पहला जूनियर महाद्वीपीय खिताब जीता बल्कि एशियाई जूनियर रिकॉर्ड भी बना डाला। भारत अब तक 25 स्वर्ण, 10 रजत और 10 कांस्य पदकों के साथ पदक तालिका में शीर्ष पर है, जबकि चीन 10 स्वर्ण पदकों के साथ काफी पीछे है।
प्रतियोगिता के सातवें दिन के अन्य स्कोर
महिला 25 मीटर पिस्टल – पहले प्रिसीजन राउंड के बाद
– ईशा सिंह – 294 (दूसरा स्थान)
– मनु भाकर – 293 (चौथा स्थान)
– सिमरनप्रीत कौर बराड़ – 284 (24वां स्थान)
महिला 25 मीटर पिस्टल जूनियर
– तेजस्विनी – 288 (दूसरा स्थान)
– नाम्या कपूर – 285 (चौथा स्थान)
– पायल खत्री – 281 (10वां स्थान)
– दिवांशी – 278 (14वां स्थान)
– पोषिका गुप्ता – 266 (21वां स्थान)
– रिया थत्ते – 262 (22वां स्थान)
पुरुष ट्रैप
– भवनीश मेंदीरत्ता – 25, 24
– काइनन चेनाई – 18, 23
– लक्षय शेरोन – 22, 16
महिला ट्रैप
– आशीमा अहलावत – 21, 23, 22 (प्रथम स्थान)
– नीरू – 20, 23, 20 (आठवां स्थान)
– प्रीति राजक – 17, 22, 23 (62वां स्थान)


