इंग्लैंड के धाकड़ बल्लेबाज एलेक्स हेल्स ने टी-20 क्रिकेट में एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। वह इस फॉर्मेट में 14,000 रन पूरे करने वाले तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं। उनसे पहले यह कारनामा सिर्फ़ यूनिवर्स बॉस क्रिस गेल और दिग्गज ऑलराउंडर कायरन पोलार्ड ही कर पाए थे। इस उपलब्धि के साथ ही हेल्स अब टी-20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। वर्तमान में इस फॉर्मेट में सर्वाधिक रन का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम दर्ज है।
टी-20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की बात करें तो वहां क्रिस गेल का नाम पहले नंबर पर हैं। गेल ने अपने करियर में 463 मैचों में 14562 रन बनाए हैं। लिस्ट में दूसरे नंबर पर एलेक्स हेल्स का नाम है। हेल्स के बल्ले से 509 मैचों में 14024 रन आए हैं। तीसरे नंबर पर अब कायरन पोलार्ड का नाम है। पोलार्ड ने अब तक 713 मैचों में 14012 रन बनाए हैं। पोलार्ड और हेल्स के पास आने वाले दिनों में अब इस फॉर्मेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बनने का मौका होगा।
टी-20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज
- क्रिस गेल: 14562 रन
- एलेक्स हेल्स: 14024 रन
- कायरन पोलार्ड: 14012 रन
- डेविड वॉर्नर: 13595 रन
- शोएब मलिक: 13571 रन
एलेक्स हेल्स इस समय कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL) में ट्रिनबागो नाइट राइडर्स की ओर से शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। गुयाना अमेजन वॉरियर्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में उन्होंने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 43 गेंदों पर 74 रनों की पारी खेली, जिसमें 3 चौके और 7 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। उनका स्ट्राइक रेट 172.09 का रहा। हेल्स के अलावा कॉलिन मुनरो ने भी 30 गेंदों पर 52 रन बनाकर टीम की जीत में अहम योगदान दिया। दोनों बल्लेबाजों की विस्फोटक पारियों की बदौलत ट्रिनबागो नाइट राइडर्स ने 164 रनों के लक्ष्य को महज 17.2 ओवर में 6 विकेट शेष रहते हासिल कर लिया।
इस मैच में गुयाना अमेजन वॉरियर्स की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 163 रन बनाए थे। टीम की तरफ से शे होप ने सबसे ज्यादा 29 गेंदों पर 39 रन बनाए। उनके अलावा ड्वेन प्रिटोरियस ने 21 और क्विंटन सैम्पसन ने 25 रन बनाए। ट्रिनबागो की तरफ से गेंदबाजी में अकील हुसैन ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए। इस शानदार बॉलिंग के लिए अकील हुसैन को प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला।

