एनएसटी न्यूज, भोपाल। विश्वास सारंग क्रिकेट अकादमी की सारंग लीग बीडीसीए अंडर-13 क्रिकेट टूर्नामेंट में मंगलवार को खेले गए दो मुकाबलों में अरेरा क्रिकेट अकादमी और अकीरा क्रिकेट अकादमी ने शानदार जीत दर्ज की। दोनों टीमों ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी में बढ़त बनाकर मैच पर नियंत्रण कायम रखा। पहले मुकाबले में अरेरा क्रिकेट अकादमी ने उड़ान क्रिकेट अकादमी को 189 रन से हराया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अरेरा टीम ने 5 विकेट पर 291 रन बनाए। युवराज सिंह ने 100 रन की तेज पारी खेली, जबकि विवान द्विवेदी ने 110 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। जवाब में उड़ान क्रिकेट अकादमी की टीम 102 रन पर सिमट गई। शिखर वाजपेई ने 20 रन और हर्षित पटेल ने 15 रन जोड़े। बाकी बल्लेबाज टिक नहीं पाए। अरेरा की ओर से तेजस सिंह ने 3 विकेट लिए, जबकि आदित्य सोनकर और लक्ष्य जैन ने दो-दो विकेट चटकाए। शानदार शतक के लिए विवान द्विवेदी मैन ऑफ द मैच बने। दूसरे मुकाबले में अकीरा क्रिकेट अकादमी ने मयंक चतुर्वेदी क्रिकेट अकादमी को 6 विकेट से मात दी। मयंक अकादमी पहले बल्लेबाजी करते हुए 206 रन पर आउट हो गई। तन्मय ने 77 और अरनव डांगी ने 28 रन बनाए। अकीरा की ओर से समर्थ ने 92 रन की दमदार पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई। उत्सव ने भी 54 रन का योगदान दिया। गेंदबाजी में अभिराज ने 4 विकेट लिए और समर्थ को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

