नई दिल्ली: अर्जेंटीना के स्टार फुटबॉलर लियोनल मेसी को मैदान पर देखने के लिए भारतीय प्रशंसक काफी उत्साहित थे, लेकिन उन्हें निराशा हाथ लगी क्योंकि मेसी अगले महीने केरल दौरे पर नहीं आएंगे। इस बात की जानकारी शनिवार को मैच आयोजकों ने दी। पहले इस प्रस्तावित मैत्री मैच के प्रायोजक एंटो ऑगस्टीन ने केरल के खेल विभाग के साथ मिलकर घोषणा की थी कि मेसी की कप्तानी वाली अर्जेंटीना टीम 17 नवंबर को कोच्चि में यह मैच खेलेगी।
मैच आयोजकों ने की पुष्टि
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार ऑगस्टीन ने अपने फेसबुक पेज पर पोस्ट के माध्यम से यह घोषणा की है कि अगले महीने होने वाला अर्जेंटीना का मैत्री मैच स्थगित कर दिया गया है। उन्होंने लिखा कि फीफा की अनुमति में देरी को देखते हुए, अर्जेंटीना फुटबॉल एसोसिएशन (एएफए) के साथ विचार-विमर्श के बाद यह मैच नवंबर की विंडो से हटाने का निर्णय लिया गया है। ऑगस्टीन ने यह भी कहा कि केरल में यह मुकाबला अगले अंतरराष्ट्रीय सत्र के दौरान आयोजित किया जाएगा और नई तारीख की घोषणा जल्द ही की जाएगी।
केरल खेल विभाग को अभी तक मिली नहीं आधिकारिक जानकारी
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार केरल के खेल मंत्री वी अब्दुरहमान के कार्यालय के अधिकारियों ने कहा कि उन्हें मैच स्थगित होने के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है। एक अधिकारी ने बताया कि विभाग संबंधित अधिकारियों से संपर्क करके कार्यक्रम में बदलाव की पुष्टि करेगा। इससे पहले, एएफए के प्रतिनिधियों ने कोच्चि स्थित जवाहरलाल नेहरू अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम का दौरा कर वहां की सुविधाओं का जायजा लिया था।

