(NST News) ग्वालियर. ग्वालियर के होनहार हॉकी खिलाड़ी अर्जुन शर्मा ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्हें कोलकाता के प्रतिष्ठित मोहन बागान एथलेटिक क्लब द्वारा वर्ष 2024–25 के लिए ‘केशव दत्त अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें साल के सर्वश्रेष्ठ हाकी खिलाड़ी के रूप में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन और निरंतर मेहनत के लिए दिया गया है। अर्जुन शर्मा ने ग्वालियर के दर्पण मिनी स्टेडियम में हॉकी की प्रारंभिक शिक्षा और प्रशिक्षण प्राप्त किया। वे हमेशा अनुशासन, लगन और खेल के प्रति जुनून से प्रेरित खिलाड़ी रहे हैं। उनकी इस उपलब्धि ने ग्वालियर के खेल क्षेत्र को गर्व से भर दिया है और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी है। मोहन बागान क्लब का यह अवॉर्ड भारतीय हॉकी की दिग्गज हस्ती केशव दत्त के नाम पर दिया जाता है, जो भारत के लिए ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीत चुके हैं। अर्जुन शर्मा को यह अवॉर्ड मिलना उनकी मेहनत, समर्पण और प्रतिभा का प्रमाण है। अर्जुन की इस उपलब्धि पर उनके कोच, परिवार, साथी खिलाड़ी और शहरवासी बेहद गौरवान्वित हैं। इस सम्मान से न केवल उनका हौसला बढ़ा है, बल्कि यह भारतीय हॉकी को नई दिशा देने वाले युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक है।

