नई दिल्ली : रणजी ट्रॉफी 2025 के चौथे मुकाबले में गोवा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहली पारी में मध्यप्रदेश की टीम को महज़ 187 रन पर ढेर कर दिया। इस बेहतरीन गेंदबाज़ी के दम पर गोवा ने 97 रन की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल की। टीम की ओर से वासुकी कौशिक सबसे सफल गेंदबाज़ रहे, जिन्होंने विपक्षी बल्लेबाज़ों को खासा परेशान किया, जबकि अर्जुन तेंदुलकर ने भी अपनी सटीक गेंदबाज़ी से महत्वपूर्ण योगदान दिया।
अर्जुन तेंदुलकर ने दिखाया कमाल, चटकाए 2 महत्वपूर्ण विकेट
मध्यप्रदेश के खिलाफ पहली पारी में अर्जुन तेंदुलकर ने 12 ओवर में 34 रन देकर 2 विकेट झटके तो वहीं वासुकि कौशिश ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 19 ओवर में 34 रन देकर 5 विकेट लिए। इसके अलावा ललित यादव की गेंदबाजी भी अच्छी रही और उन्होंने 19 ओवर में 27 रन देकर 2 सफलता हासिल की।
गोवा के गेंदबाज़ों के सामने मध्यप्रदेश की बल्लेबाज़ी पूरी तरह बिखर गई। टीम के लिए निचले क्रम में सारांश जैन ने सबसे बड़ी पारी खेलते हुए 48 रन बनाए, जबकि ऋषभ चौहान ने 43 रन का योगदान दिया। आर्यन पांडे ने संयमित बल्लेबाज़ी करते हुए 25 रन जोड़े, वहीं अरशद खान 17 रन बनाकर नाबाद लौटे। इन पारियों के बावजूद टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने में नाकाम रही।
इससे पहले गोवा ने अपनी पहली पारी में 284 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया था। टीम के ओपनर सुयश प्रभूदेसाई ने शानदार बल्लेबाज़ी करते हुए 65 रन जोड़े, जबकि धीरज गांवकर ने 51 रन की उपयोगी पारी खेली। वहीं, मध्यप्रदेश की ओर से सारांश जैन सबसे सफल गेंदबाज़ साबित हुए, जिन्होंने 4 विकेट चटकाए, जबकि कुमार कार्तिकेय ने 3 बल्लेबाज़ों को पवेलियन भेजा।

