नई दिल्ली: सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के इस सीजन के एलीट ग्रुप बी के मुकाबले में मध्यप्रदेश ने गोवा के खिलाफ 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 170 रन बनाए। गोवा को इस मैच में जीत के लिए 171 रन का लक्ष्य मिला। गोवा के लिए अर्जुन तेंदुलकर ने सबसे ज्यादा विकेट हासिल किए, वहीं मध्यप्रदेश के मध्यक्रम के बल्लेबाज हरप्रीत सिंह भाटिया ने ताबड़तोड़ नाबाद अर्धशतकीय पारी खेली।
अर्जुन तेंदुलकर ने हासिल किए 3 विकेट
गोवा के लिए अर्जुन तेंदुलकर ने 4 ओवर में 36 रन देकर 3 विकेट लिए। अर्जुन ने अपने स्पैल के पहले 2 ओवर में सिर्फ 5 रन दिए थे और 2 विकेट लिए थे, लेकिन बाद के 2 ओवर में उन्होंने 31 रन लुटा दिए और एक विकेट लिया। गोवा की शुरुआत शानदार रही थी और अर्जुन तेंदुलकर ने मध्यप्रदेश के ओपनर अंकुश सिंह को 3 रन पर जबकि दूसरे ओपनर शिवांग कुमार को डक पर आउट किया।
इस मैच की पहली पारी में एक वक्त पर मध्यप्रदेश ने अपने पहले 3 विकेट सिर्फ 10 रन के स्कोर पर गंवा दिए थे, लेकिन फिर हरप्रीत सिंह भाटिया ने कमाल की बल्लेबाजी की और 52 गेंदों पर 2 छक्के और 8 चौकों की मदद से नाबाद 80 रन की पारी खेलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
मध्यप्रदेश के कप्तान रजत पाटीदार ने 26 गेंदों पर एक छक्का और 2 चौकों की मदद से 29 रन की पारी खेली। वहीं, सातवें नंबर पर बैटिंग करने आए अनिकेत वर्मा ने 13 गेंदों पर 34 रन ठोक दिए। अपनी इस पारी में अनिकेत ने 4 छक्के और एक चौका लगाया। इसके अलावा, वेंकटेश अय्यर ने केवल 6 रन बनाकर अपना विकेट गंवा दिया। गोवा के लिए हेरम्ब परब ने दो विकेट लिए, जबकि वासुकि कौशिक ने एक विकेट हासिल किया।

