64वीं इंटर स्टेट सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 1500 मीटर दौड़ में मिला पदक, शानदार प्रदर्शन से बढ़ाया मान
(NST News) भोपाल। चेन्नई में 20 से 24 अगस्त तक आयोजित हो रही 64वीं नेशनल इंटर स्टेट सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में खेल अकादमी के एथलीट अर्जुन वसकले ने शानदार प्रदर्शन किया है। अर्जुन ने पुरुषों की 1500 मीटर दौड़ में बेहतरीन गति और फिटनेस का प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया। उन्होंने यह उपलब्धि 3 मिनट 42.86 सेकंड के समय के साथ प्राप्त की। इस प्रदर्शन ने न केवल मध्यप्रदेश बल्कि पूरे देश के खेलप्रेमियों को गर्वित किया। प्रतियोगिता में देशभर से आए नामी धावकों के बीच अर्जुन ने अपने धैर्य, लय और तेज रफ्तार का ऐसा परिचय दिया कि उन्होंने फाइनल में कांस्य पदक अपने नाम कर लिया।
खेल अकादमी के अधिकारियों ने अर्जुन के इस प्रदर्शन को मेहनत और अनुशासन का नतीजा बताया है। उन्होंने कहा कि अर्जुन जैसे युवा एथलीट आने वाले समय में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का नाम रोशन करेंगे। इस चैंपियनशिप में भारत के विभिन्न राज्यों के सैकड़ों धावकों ने हिस्सा लिया, जिनमें से सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के बीच अर्जुन का कांस्य जीतना बड़ी उपलब्धि है। अर्जुन ने कहा कि उनकी यह उपलब्धि कोच एसके प्रसाद और अकादमी के सहयोग का परिणाम है और वे आगे और भी बेहतर प्रदर्शन कर देश और प्रदेश को गौरवान्वित करने के लिए निरंतर मेहनत करेंगे।

