नई दिल्ली : भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह इस समय अपना तीसरा टी20 वर्ल्ड कप खेल रहे हैं। इससे पहले वह 2022 और 2024 के टी20 विश्व कप में भी टीम इंडिया का हिस्सा रह चुके हैं। इस वर्ल्ड कप के पहले मैच में ही उन्होंने अपनी प्रभावशाली प्रदर्शन से सभी का ध्यान खींचा। अब, नामीबिया के खिलाफ दूसरे मैच से पहले, उनका लक्ष्य टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय बनने का रिकॉर्ड है। अर्शदीप इस उपलब्धि के बेहद करीब हैं और इतिहास रचने की दिशा में कदम बढ़ा रहे हैं।
अर्शदीप सिंह इस समय टी20 वर्ल्ड कप में दूसरे स्थान पर हैं। इस लिस्ट में शीर्ष स्थान पर हैं रविचंद्रन अश्विन, और अर्शदीप उनसे सिर्फ तीन विकेट पीछे हैं। नामीबिया के खिलाफ अगर अर्शदीप तीन विकेट लेते हैं, तो वह अश्विन की बराबरी कर लेंगे, और चार विकेट हासिल करने पर वह टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज बन जाएंगे। उन्होंने यूएसए के खिलाफ 4 ओवर में 18 रन देकर दो विकेट हासिल किए थे और शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन किया था। मोहम्मद सिराज के साथ मिलकर अर्शदीप ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले मैच में यूएसए के सामने 161 रन का स्कोर डिफेंड करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। अब नामीबिया के खिलाफ अगर वह अपना जादू दिखाते हैं, तो इतिहास रच देंगे।
टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय
रविचंद्रन अश्विन: 32 विकेट (24 मैच)
अर्शदीप सिंह: 29 विकेट (15 मैच)
जसप्रीत बुमराह: 26 विकेट (18 मैच)
हार्दिक पंड्या: 24 विकेट (25 मैच)
रविंद्र जडेजा: 22 विकेट (30 मैच)
टी20 वर्ल्ड कप में भारत के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज
अर्शदीप सिंह टी20 इंटरनेशनल में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उन्होंने अब तक 77 मैचों की 76 पारियों में टीम इंडिया के लिए 120 विकेट हासिल किए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 51 रन देकर 5 विकेट का रहा है। अर्शदीप सिंह के बाद जसप्रीत बुमराह 107 विकेट लेकर इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर हैं, जबकि हार्दिक पंड्या 105 विकेट के साथ तीसरे स्थान पर मौजूद हैं।

