नई दिल्ली: इंग्लैंड के सफल दौरे के बाद अब सभी की निगाहें एशिया कप 2025 पर टिक गई हैं, जिसकी शुरुआत 9 सितंबर से यूएई में होने जा रही है। हालांकि टूर्नामेंट के शुरू होने में अभी समय है, लेकिन क्रिकेट जगत में इस बात पर चर्चा जोरों पर है कि भारतीय टीम में किन-किन खिलाड़ियों को मौका मिल सकता है। इस टूर्नामेंट को टी20 वर्ल्ड कप की तैयारी के रूप में भी देखा जा रहा है, ऐसे में चयनकर्ताओं के सामने एक संतुलित और मजबूत टीम चुनने की चुनौती होगी।
भारत इस वक्त एशिया कप का डिफेंडिंग चैंपियन है और वो चाहेगा कि खिताब फिर से उसी के कब्जे में रहे। इस बार अगले साल होने वाले टी20 वर्ल्ड कप को देखते हुए एशिया कप का आयोजन टी20 प्रारूप में किया जाएगा। कई रिपोर्ट्स के मुताबिक एशिया कप 2025 के लिए टीम इंडिया की घोषणा अगस्त के तीसरे सप्ताह में की जा सकती है और टीम में कई खिलाड़ियों की वापसी की संभावना है जो टेस्ट क्रिकेट खेलने की वजह से पिछले कुछ टी20 सीरीज में भारतीय टीम का हिस्सा नहीं थे।
चार साल बाद क्रुणाल पंड्या की टीम इंडिया में एंट्री संभव!
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, एशिया कप 2025 के लिए भारतीय टीम में आरसीबी के ऑलराउंडर क्रुणाल पंड्या की वापसी की संभावना है। क्रुणाल पंड्या एक अनुभवी स्पिन ऑलराउंडर हैं और उन्होंने आईपीएल 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के लिए शानदार प्रदर्शन किया था। इस सीजन में आरसीबी ने खिताब भी जीता और क्रुणाल ने कई अहम मौकों पर टीम को जीत दिलाने में योगदान दिया।
अगर उनकी टीम इंडिया में वापसी होती है, तो भारत के पास यूएई जैसी स्पिन-अनुकूल परिस्थितियों मेंएक मजबूत विकल्प मौजूद रहेगा, जो गेंद और बल्ले दोनों से अहम साबित हो सकते हैं। क्रुणाल पंड्या ने भारतीय टीम से पिछले 4 साल से बाहर चल रहे हैं और उन्होंने इस टीम के लिए आखिरी टी20 मैच 25 जुलाई 2021 को कोलंबो में श्रीलंका के खिलाफ खेला था। क्रुणाल ने भारत के लिए अब तक 19 टी20 मैचों में 124 रन बनाए हैं जबकि इतने ही मैचों में उन्होंने 15 विकेट भी लिए हैं। वहीं क्रुणाल ने भारत के लिए अब तक 5 वनडे मैचों में 130 रन बनाए हैं जबकि इतने ही वनडे मैचों में उनके नाम पर 2 विकेट दर्ज हैं।

