नई दिल्ली: पुरुष टी20 एशिया कप 2025 के 10वें मुकाबले में पाकिस्तान और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की टीमें 17 सितंबर को आमने-सामने होंगी। यह रोमांचक मैच दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। पाकिस्तान ने ग्रुप ए में अपने अभियान की शुरुआत ओमान के खिलाफ शानदार जीत के साथ की थी, जहां उन्होंने 93 रनों से मुकाबला अपने नाम किया। हालांकि, इसके बाद उन्हें भारत के खिलाफ सात विकेट से करारी हार का सामना करना पड़ा, जिससे अब उनके लिए यह मैच करो या मरो की स्थिति बन गया है।
अब, उनके सामने एक चुनौती है जहां उसे सुपर 4 में क्वालिफाई करने के लिए यूएई को हराना होगा। ओमान के हारने के साथ भारत ग्रुप ए से सुपर-4 में पहुंचने वाली पहली टीम बनी। अब पाकिस्तान और यूएई में जो भी जीतेगा, वह भारत के साथ सुपर 4 के लिए क्वालिफाई करेगा। पाकिस्तान को यूएई के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करना होगा। भारत के खिलाफ मिली हार को देखते हुए उसकी बल्लेबाजी को और भी बेहतर करने की जरूरत है। यूएई को लगेगा कि उनके पास पाकिस्तान का सफर बिगाड़ने और अपनी दावेदारी पेश करने का मौका है। अगर वह पाकिस्तान को हरा देता है तो यह यूएई के लिए बहुत बड़ी बात होगी। पिच और नतीजों को देखते हुए दोनों टीमें ज्यादा से ज्यादा संख्या में स्पिनर्स उतार सकती हैं।
दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम की पिच रिपोर्ट
एशिया कप 2025 के अब तक के मुकाबलों में स्पिन गेंदबाजों ने अहम भूमिका निभाई है, और पाकिस्तान बनाम यूएई मैच में भी स्पिनर्स को पिच से अतिरिक्त मदद मिलने की उम्मीद है। दुबई की सतह पारंपरिक रूप से स्पिनरों को टर्न देती रही है, खासकर अगर वे सटीक लाइन और लेंथ के साथ गेंदबाजी करें। हालांकि तेज गेंदबाजों को भी शुरुआती ओवरों में नई गेंद से थोड़ी मूवमेंट और उछाल का फायदा मिल सकता है। ऐसे में बल्लेबाजों के लिए यह जरूरी होगा कि वे स्ट्राइक रोटेट करते रहें और मध्य ओवरों में स्पिन का धैर्यपूर्वक सामना करें, ताकि दबाव न बने।
दुबई के मौसम का पूर्वानुमान
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, बुधवार को दुबई में पाकिस्तान बनाम यूएई मैच के दौरान बारिश की कोई संभावना नहीं है। हालांकि, मौसम गर्म और उमस भरा रहने वाला है, जो खिलाड़ियों के लिए एक चुनौती पेश करेगा।
कैसा है दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में पाकिस्तान का रिकॉर्ड?
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तानी टीम ने दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में 34 टी20 मैच खेले हैं। उन्होंने 18 मैच जीते हैं और 15 हारे हैं। एक मैच बराबरी पर छूटा है।

