नई दिल्ली : थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में इन दिनों वुमेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स के मुकाबले खेले जा रहे हैं। इस टूर्नामेंट में भारतीय महिला टीम ने अपना शानदार प्रदर्शन सेमीफाइनल में भी जारी रखते हुए फाइनल में जगह बना ली है। सेमीफाइनल में टीम इंडिया का सामना श्रीलंका की महिला टीम से हुआ, जहां भारतीय खिलाड़ियों ने एकतरफा अंदाज में मैच अपने नाम किया। गेंदबाजों ने शुरुआत में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए विपक्षी टीम को दबाव में रखा, जबकि बल्लेबाजों ने लक्ष्य का पीछा करते हुए संयम और आत्मविश्वास दिखाया। इस मुकाबले में भारत ने श्रीलंका को 5 विकेट से हराकर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया।
भारतीय गेंदबाजों का सेमीफाइनल में शानदार प्रदर्शन
सेमीफाइनल मुकाबले में इंडिया ए महिला टीम का प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली रहा। श्रीलंका ए टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया, लेकिन भारतीय गेंदबाजों के सामने उनके बल्लेबाज रन बनाने के लिए जूझते नजर आए। पूरी श्रीलंकाई टीम 19.4 ओवर में मात्र 118 रन पर सिमट गई। श्रीलंका की ओर से सबसे अधिक रन संजना कविंदी ने बनाए, जिन्होंने 35 गेंदों पर 31 रन की संयमित पारी खेली। शशिनी गिम्हानी ने 17 गेंदों में 22 रन की तेजतर्रार पारी खेली, जबकि हंसिमा करुणारत्ने ने 14 और सथ्या संदीपनी ने 15 रन जोड़े। भारतीय गेंदबाजी की बात करें तो कप्तान राधा यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3.4 ओवर में 19 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। प्रेमा रावत ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 9 रन देकर 2 विकेट झटके। तनुजा कंवर ने भी 2 विकेट लेकर टीम की जीत में अहम योगदान दिया।
बल्लेबाजी में फिर दमक उठीं वृंदा दिनेश, खेली मैच जिताऊ पारी
119 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय महिला टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया और तेजी से रन बटोरे। हालांकि 30 रन के स्कोर पर पहला विकेट गिर गया, लेकिन इसके बाद वृंदा दिनेश और अनुष्का शर्मा ने पारी को संभालते हुए 24 गेंदों में 47 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की। इस मुकाबले में वृंदा दिनेश ने एक बार फिर शानदार बल्लेबाजी करते हुए 20 गेंदों पर 42 रन बनाए और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। भारतीय टीम ने 13.3 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर मुकाबला अपने नाम कर लिया। अब टूर्नामेंट का फाइनल 22 फरवरी को खेला जाएगा, जहां भारत का सामना पाकिस्तान या बांग्लादेश में से किसी एक टीम से हो सकता है। इन दोनों के बीच दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला 20 फरवरी को खेला जाना है।

