जकार्ता। भारत ने शनिवार को एशियाड में पुरुष हॉकी का कांस्य पदक जीत लिया। उसने तीसरे और चौथे स्थान के लिए हुए मुकाबले में पाकिस्तान को 2-1 से हराया। मैच का पहला गोल भारत के आकाशदीप ने किया। उन्होंने ललित उपाध्याय के पास पर तीसरे मिनट में गोल दागा। उनके बाद हरमनप्रीत सिंह ने 50वें मिनट में दूसरा गोल किया। पाकिस्तान के लिए मोहम्मद अतीक ने 52वें मिनट में गोल किया। भारत को दो पेनल्टी कॉर्नर मिले। इसमें से एक को हरमनप्रीत ने गोल में बदला। वहीं, पाकिस्तान को चार पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन वह एक भी गोल नहीं कर सका। दोनों टीमें पहली बार एशियाई खेलों में कांस्य के लिए आमने-सामने थीं।
जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने भारतीय टीम को बधाई दी। दोनों टीमों के बीच इससे पहले 172 मैच खेले गए थे। इनमें भारत ने 61 और पाकिस्तान ने 82 मुकाबले जीते। 31 ड्रॉ रहे। भारतीय टीम पिछले एशियाई खेलों में चैम्पियन रही थी। इस एशियाड में सेमीफाइनल में भारत को मलेशिया ने 2-2 से बराबरी के बाद पेनल्टी शूट आउट में 7-6 से हराया था। टीम इंडिया ने इस एशियाड में कुल 80 गोल किए। भारत एक टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा गोल करने वाला देश बना। इससे पहले अर्जेंटीना ने 2004 में हुए पैन-अमेरिका गेम्स में 66 गोल किए थे।