जकार्ता। कप्तान रानी रामपाल की हैट्रिक की मदद से भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशियन गेम्स 2018 में थाइलैंड को 5-0 से हराया। पहले ही सेमीफाइनल में जगह बना चुके भारत ने इसी के साथ ग्रुप बी में 12 अंकों के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। भारत ने अपना पहला गोल 37वें मिनट में किया। उदिता ने शॉट खेला लेकिन थाइलैंड की गोलकीपर ने उसे रोक दिया, इसके बाद कप्तान रानी ने रिबाउंड लिया और भारत के नाम पहला गोल कर दिया। भारत ने अपना दूसरा गोल 46वें मिनट में किया। रानी ने ही दूसरा गोल करते हुए भारत को 2-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद 52वें मिनट में भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला, दीप ग्रेस का शॉट ब्लॉक किया गया लेकिन मोनिका ने रिबाउंड पर गोल दागते हुए भारत को 3-0 की बढ़त दिला दी। इसके बाद 54वें मिनट में भारत ने चौथा गोल किया, नेहा ने नवजोत को पास दिया जो बिल्कुल गोल के सामने थी और उन्होंने बिना कोई गलती करे हुए भारत को 4-0 की बढ़त दिलाई। अगले ही मिनट रानी ने अपनी हैट्रिक पूरी करते हुए 5-0 की बढ़त बना ली।

