नेशनल स्पोर्ट्स टाइम्स, भोपाल। उम्र को महज एक संख्या साबित करते हुए मध्य प्रदेश स्वास्थ्य विभाग के सेवानिवृत्त संयुक्त संचालक और वर्तमान में सीजीएचएस में कार्यरत 67 वर्षीय डॉ. के.सी. रायकवार ने खेल जगत में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्होंने 8 फरवरी 2026 को ‘रन भोपाल रन’ संस्था द्वारा आयोजित सरदार वल्लभभाई पटेल आयरन मैन (73.3) ट्रायथलॉन में शानदार प्रदर्शन करते हुए ब्रोंज मेडल अपने नाम किया और ‘आयरन मैन’ का खिताब हासिल किया।
यह प्रतियोगिता विश्व की सबसे कठिन एकदिवसीय खेल स्पर्धाओं में मानी जाती है, जिसमें खिलाड़ियों को लगातार 1.9 किमी तैराकी, 90 किमी साइकिलिंग और 21 किमी दौड़ पूरी करनी होती है। डॉ. रायकवार ने 45+ आयु वर्ग में अपने से कहीं कम उम्र के प्रतिभागियों को चुनौती देते हुए कुल 113 किलोमीटर की यह कठिन परीक्षा निर्धारित कट-ऑफ टाइम के भीतर सफलतापूर्वक पूरी की।
प्रतियोगिता की शुरुआत उन्होंने बड़े तालाब में 1.9 किमी तैराकी से की। इसके बाद वन विहार स्थित बोट क्लब से केरवा डैम तक पहाड़ी मार्ग पर 90 किमी साइकिलिंग की और अंत में बिना रुके वन विहार ट्रैक पर 21 किमी की हाफ मैराथन दौड़ पूरी कर अपने असाधारण स्टैमिना का परिचय दिया।
डॉ. रायकवार अंतरराष्ट्रीय स्तर के तैराक रह चुके हैं और नेशनल लेवल प्रतियोगिताओं में कई गोल्ड मेडल जीत चुके हैं। खेलों में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें मध्य प्रदेश शासन द्वारा विक्रम अवॉर्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है। उनकी इस उपलब्धि पर सीजीएचएस की संयुक्त संचालक डॉ. तुषार बाला, सीएमओ डॉ. राखी महेश्वरी, डॉ. कौशल शर्मा सहित चिकित्सा एवं खेल जगत से जुड़े लोगों ने बधाई दी।

