नई दिल्ली: इंग्लैंड ने ब्रिस्बेन में होने वाले दूसरे डे-नाइट एशेज टेस्ट के लिए विल जैक्स को टीम में शामिल किया है। इस ऑलराउंडर को मार्क वुड की जगह टीम में लिया गया है। मार्क वुड घुटने की चोट के कारण इस टेस्ट में नहीं खेल पाएंगे, लेकिन विल जैक्स का टीम में चुना जाना कुछ हद तक हैरान करने वाला फैसला माना जा रहा है।
मार्क वुड हुए टीम से बाहर
विल जैक्स ने इंग्लैंड के लिए अब तक दो टेस्ट मैच खेले हैं, जो उन्होंने साल 2022 में पाकिस्तान दौरे पर खेले थे। अपने डेब्यू टेस्ट मैच में उन्होंने 5 विकेट झटके थे। पर्थ में पहले टेस्ट में आठ विकेट से हारने के बाद इंग्लैंड एशेज सीरीज में बराबरी करना चाहेगा। विल जैक्स की टीम में वापसी तीन साल के लंबे अंतराल के बाद हुई है।
इंग्लैंड डे-नाइट टेस्ट में 4 तेज गेंदबाजों के साथ उतरेगा
दूसरे टेस्ट मैच में इंग्लैंड एक बार फिर 4 तेज गेंदबाजों के साथ मैदान पर उतरेगा। इस बार टीम में कप्तान बेन स्टोक्स, गस एटकिंसन, ब्रायडन कार्स और जोफ़्रा आर्चर शामिल हैं। स्पिन डिपार्टमेंट की जिम्मेदारी विल जैक्स और जो रूट संभालेंगे। पहले टेस्ट मैच में मार्क वुड का प्रदर्शन साधारण रहा था; उन्होंने पहली पारी में आठ ओवर और दूसरी पारी में तीन ओवर फेंके, लेकिन मैच में कोई विकेट नहीं ले सके थे।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ डे-नाइट टेस्ट के लिए इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन
जैक क्रॉली, बेन डकेट, ओली पोप, जो रूट, हैरी ब्रूक, बेन स्टोक्स (कप्तान), जेमी स्मिथ (विकेटकीपर), विल जैक्स, गस एटकिंसन, ब्रायडन कार्स, जोफ्रा आर्चर।


