नई दिल्ली: ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम ने टी20 विश्व कप 2026 के अपने आखिरी लीग मुकाबले में ओमान क्रिकेट टीम को 9 विकेट से करारी शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए ओमान की टीम केवल 104 रन ही बना सकी। इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने महज 9.4 ओवर में 108 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
ऑस्ट्रेलिया की पारी में सिर्फ एक विकेट गिरा, जो कि ट्रेविस हेड के रूप में आया। इस जीत के बावजूद टूर्नामेंट की स्थिति ऐसी रही कि ओमान और ऑस्ट्रेलिया—दोनों का ही टी20 विश्व कप 2026 का सफर यहीं समाप्त हो गया और दोनों टीमें अगले राउंड में जगह बनाने में नाकाम रहीं।
इस साल ऑस्ट्रेलिया के लिए टी20 विश्व कप काफी खराब गया है। टीम को जिम्बाब्वे और श्रीलंका से भी हार का ही सामना करना पड़ा था। इसके बाद टीम की कहानी खत्म हो गई। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया टीम के कप्तान मिचेल मार्श ने टॉस जीतकर पहले बॉलिंग का फैसला किया था। पहले ओमान ने बैटिंग की और मामूली स्कोर पर आउट हो गई। ऑस्ट्रेलिया के लिए एडन जेम्पा ने चार विकेट लेने में कामयाबी हासिल की। इसके अलावा ब्रेटलैट और मैक्सवेल को दो दो सफलताएं मिली। मार्कस स्टॉयनिस और नाथन ऐलिस को एक एक विकेट मिला।
ऑस्ट्रेलिया के लिए एक बार फिर से कप्तान मिचेल मार्श और ट्रेविस हेड पारी का आगाज करने के लिए उतरे। दोनों ने अच्छी बल्लेबाजी की। लक्ष्य छोटा था, लेकिन इसके बाद भी मैच खत्म होने से पहले ही ट्रेविस हेड आउट हो गए। उन्होंने 19 बॉल पर 32 रन की पारी खेली। उन्होंने छह चौके लगाए।
कप्तान मिचेल मार्श ने 33 बॉल पर 74 रनों की एक अच्छी पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से सात चौके और चार छक्के आए। ट्रेविस हेड के आउट होने के बाद नंबर तीन पर बल्लेबाजी के लिए आए जोश इंग्लिस ने 6 बॉल पर 12 रन बनाकर मैच जिता दिया। उन्होंने दो चौके लगाए। दूसरा चौका लगाकर उन्होंने टीम को जीत दिला दी।
ओमान का स्क्वाड: आमिर कलीम, जतिंदर सिंह (कप्तान), आशीष ओडेदरा, हम्माद मिर्जा, विनायक शुक्ला (विकेट कीपर), मोहम्मद नदीम, जितेन रामानंदी, नदीम खान, सुफियान महमूद, शकील अहमद, शाह फैसल, शफीक जान, करण सोनावाले, जय ओडेदरा, वसीम अली।
ऑस्ट्रेलिया का स्क्वाड: मिचेल मार्श (कप्तान), ट्रेविस हेड, कैमरून ग्रीन, टिम डेविड, ग्लेन मैक्सवेल, जोश इंग्लिस (विकेट कीपर), मार्कस स्टोइनिस, कूपर कोनोली, जेवियर बार्टलेट, नाथन एलिस, एडम ज़म्पा, बेन ड्वारशुइस, मैट रेनशॉ, मैथ्यू कुहनेमन, स्टीवन स्मिथ।

